Expressway Inauguration : PM मोदी आज जनता को सौपेंगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, जानिए मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

लखनऊ/सहारनपुर, अमृत विचार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को सहारनपुर पहुंचे और कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने हेलीपेड से लेकर जनसभा स्थल तक व्यवस्थाओं को परखा और अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री मंगलवार को सहारनपुर के गणेशपुर में बनाए गए हेलीपेड पर उतरेंगे। यहां से वे रोड शो करते हुए मां डाट काली मंदिर पहुंचेंगे और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद देहरादून जाकर जनसभा को संबोधित करते हुए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे, जिसका सीधा प्रसारण गणेशपुर में भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निरीक्षण के दौरान डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना भी की और सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

मिनट-दर-मिनट कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह 10:50 बजे गणेशपुर पहुंचेगा। इसके बाद 11:10 बजे एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड रोड व्यू प्वाइंट का अवलोकन करेंगे। यहां उनका स्वागत फूलों की वर्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा। 11:35 बजे वे मां डाट काली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे और फिर देहरादून के लिए रवाना होंगे।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की खासियत

• वर्ष 2020 में केंद्र सरकार ने दी मंजूरी
• 4 दिसंबर 2021 को प्रधानमंत्री मोदी ने किया शिलान्यास
• करीब 210 किमी लंबा एक्सप्रेसवे
• सफर का समय 6 घंटे से घटकर लगभग 2.5 घंटे
• एलिवेटेड रोड, अंडरपास व वाइल्डलाइफ कॉरिडोर जैसी आधुनिक सुविधाएं
• पश्चिमी यूपी व उत्तराखंड में निवेश, उद्योग और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

संबंधित समाचार