UP Pro Handball League: गोरखपुर फाइनल में, मथुरा से होगी खिताबी टक्कर
लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ में आयोजित टाटा कैपिटल यूपी प्रो हैंडबॉल लीग में सोमवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले सेमीफाइनल में गोरखपुर राउडीज़ ने नोएडा ब्लास्टर्स को 27-26 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। मुकाबला बेहद कांटे का रहा और अंतिम 25 सेकंड में कृष्ण ने पेनाल्टी पर निर्णायक गोल कर टीम को जीत दिलाई। केडी सिंह बाबू स्टेडियम के अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में खेले गए इस मैच में आखिरी मिनट तक दोनों टीमें 26-26 की बराबरी पर थीं।
गोरखपुर के लिए मोहम्मद शूजा ने सात गोल किए, जबकि सुनील ने छह और दीपक ने पांच गोल का योगदान दिया। गोलकीपर विवेक पाण्डेय ने भी अहम बचाव किए। नोएडा की ओर से मनकेश ने सात गोल दागे, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
दूसरे सेमीफाइनल में मथुरा ब्रज स्टार ने काशी किंग्स को 31-24 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। मथुरा के रवि ने नौ गोल कर शानदार प्रदर्शन किया और मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर चुने गए। निहाल ने सात और रोहिताश ने छह गोल किए। बेहतर गोल औसत के आधार पर मथुरा ने फाइनल में स्थान सुनिश्चित किया।
दिन के अन्य मुकाबले में बर्बरीक वारियर्स ने गाजियाबाद पैंथर्स को 22-19 से हराया। वारियर्स के मनीष ने आठ गोल किए, जबकि सौरभ को मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर चुना गया।
अब मंगलवार शाम को फाइनल में गोरखपुर राउडीज़ और मथुरा ब्रज स्टार के बीच खिताबी मुकाबला होगा। इस अवसर पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, जबकि लीग के संस्थापक अमित पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत किया।
