Moradabad: मौसम...तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी के संकेत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मौसम तेजी से बदल रहा है। बीते कुछ दिनों से तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा था। इसके बीच तेज हवा ने असर दिखाया। अब मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। हवा का प्रभाव कमजोर पड़ने के साथ ही तापमान बढ़ रहा है।

सोमवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा और दिन चढ़ने के साथ तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। दोपहर के समय चटख धूप के कारण सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया। बाजारों में भी दोपहर के समय अपेक्षाकृत कम भीड़ नजर आई, जबकि जरूरी काम से बाहर निकले लोग धूप से बचने के लिए छांव तलाशते दिखे। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी और अधिक बढ़ेगी। तेज धूप और बढ़ती गर्मी के बीच लोगों ने राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों और मौसमी फलों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। शहर के विभिन्न बाजारों में खरबूज और तरबूज की बिक्री बढ़ी। राहगीर भी छांव में कुछ देर रुककर राहत लेते दिखे। मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल के अंत तक गर्मी अपने तेवर में दिखेगी। ऐसे में अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंच रहे मरीजों के साथ ही तीमारदारों को भी डॉक्टर स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने और धूप में बाहर निकलते समय जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दे रहे हैं।

 

संबंधित समाचार