सहारनपुर : मुख्यमंत्री योगी बोले- दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे से क्षेत्रीय विकास को मिलेगा बढ़ावा
सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि नवनिर्मित दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे से सड़क संपर्क और आर्थिक विकास को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में इस आर्थिक गलियारे को देश को समर्पित किए जाने से पहले मुख्यमंत्री योगी ने सहारनपुर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
उन्होंने परियोजना को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, तथा भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद थे। ये सभी देहरादून में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम से ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
आदित्यनाथ ने कहा, "दिल्ली-बागपत-सहारनपुर-देहरादून आर्थिक गलियारा इस क्षेत्र के लिए एक बड़ा तोहफा है। इससे आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और सड़क संपर्क में उल्लेखनीय सुधार होगा।" उन्होंने बताया कि सहारनपुर और दिल्ली के बीच यात्रा का समय, जो पहले पांच से छह घंटे का होता था, अब घटकर करीब ढाई से तीन घंटे रह जाएगा। इसके अलावा, यह गलियारा देहरादून से संपर्क को भी बेहतर बनाएगा, जिससे व्यापार, कृषि और स्थानीय उद्योगों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के जरिए सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और मेरठ के हस्तशिल्प उत्पाद, कृषि उपज, फल और सब्जियां अब न केवल दिल्ली बल्कि वैश्विक बाजारों तक भी तेजी से पहुंच सकेंगी। उन्होंने कहा, "यह गलियारा किसानों और उद्यमियों के लिए बेहतर मूल्य प्राप्त करने और बाजार तक पहुंच बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।"
योगी आदित्यनाथ ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अवसर विशेष महत्व रखता है, क्योंकि संविधान निर्माता ने देश में समानता और सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी। उन्होंने समाज सुधारकों को सम्मान देने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का भी जिक्र किया और कहा कि आंबेडकर, संत रविदास, महर्षि वाल्मीकि और अन्य महापुरुषों से जुड़े स्थलों पर बुनियादी ढांचे के विकास के प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा, "जहां ऐसी महान हस्तियों की प्रतिमाओं के आसपास उचित व्यवस्था या चारदीवारी नहीं है, वहां सरकार आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें सम्मानजनक स्वरूप देगी।" मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जो दल जाति और परिवार के आधार पर समाज को बांटते हैं, वे विकास के प्रति गंभीर नहीं हो सकते।
उन्होंने कहा, "जो लोग विभाजन और अव्यवस्था की राजनीति में विश्वास करते हैं, जिन्होंने राज्य को दंगों की आग में झोंका और माफिया तत्वों को संरक्षण दिया, उनसे विकास या युवाओं को रोजगार देने की उम्मीद नहीं की जा सकती।"
