UP: बदायूं एचपीसीएल प्लांट के दोहरे हत्याकांड में एसआईटी की जांच पूरी
बरेली, अमृत विचार। बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र स्थित एचपीसीएल के सीबीजी प्लांट में 12 मार्च को डिप्टी जनरल मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर की गोली मारकर हत्या करने के प्रकरण की चल रही एसआईटी (विशेष जांच टीम) जांच लगभग पूरी हो चुकी है।
कमिश्नर के नेतृत्व में एसआईटी जांच तत्कालीन व वर्तमान परिस्थिति के साथ साजिश सहित कई बिंदुओं पर की गई है। कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी ने बताया कि बदायूं कांड की एसआईटी जांच लगभग पूरी कर ली गयी है। कुछ और बिंदुओं को शामिल कर अगले सप्ताह तक एसआईटी की जांच रिपोर्ट शासन काे भेज दी जाएगी।
दरअसल, 12 मार्च को सीबीजी प्लांट में जनरल मैनेजर सुधीर कुमार गुप्ता (58) और असिस्टेंट जनरल मैनेजर हर्षित मिश्रा (34) की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड की गूंज लखनऊ से लेकर दिल्ली तक गई थी। इस कांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह को एनकाउंटर के बाद दबोचा था। इसके बाद मुख्य आरोपी के भाइयों ने कोर्ट में सरेंडर किया था। गोलीकांड में कई नेताओं के नाम भी उछले थे।
शासन ने हत्याकांड में कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी के नेतृत्व में डीआईजी बरेली अजय कुमार साहनी, अपर खाद्य आयुक्त बरेली मंडल कामता प्रसाद को शामिल करते हुए एसआईटी गठित की थी। एसआईटी टीम ने सीबीजी प्लांट पहुंचकर अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के बयान दर्ज किए थे। एसआईटी टीम 16 मार्च से विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। अब एसआईटी की जांच लगभग पूरी हो चुकी है।
