NHM योजनाओं में आठ माह से बजट ठप, मरीजों की बढ़ी परेशानी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

टीबी पोषण भत्ता, गर्भवतियों के ई-वाउचर और रोगी कल्याण योजनाएं प्रभावित

लखनऊ, अमृत विचार : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत संचालित योजनाओं में करीब आठ माह से बजट जारी न होने के कारण मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बजट के अभाव में कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

टीबी मरीजों को मिलने वाला पोषण भत्ता लंबे समय से लंबित है, जिससे कमजोर वर्ग के मरीजों की स्थिति और कठिन हो गई है। उन्हें हर माह एक हजार रुपये पोषण भत्ते के रूप में देना का प्राविधान है। गर्भवती महिलाओं के लिए मुफ्त अल्ट्रासाउंड सुविधा के लिए जारी किए जाने वाले ई-वाउचर भी ठप पड़े हैं, जिससे उन्हें निजी खर्च उठाने को मजबूर होना पड़ रहा है। जिले की छह सीएचसी अलीगंज, आलमबाग चंदरनगर, कैसरबाग रेडक्रॉस, सिल्वर जुबली ऐशबाग, नगराम, टुडियागंज में अल्ट्रासाउंड मशीनें खराब हैं। ऐसे में ई-वाउचर भी जारी न होने से यहां आने वाली गर्भवतियों को जांच के लिए दिक्कत का सामना करना पड़ रहा।

इसके अलावा रोगी कल्याण समिति सहित अन्य कई योजनाओं में भी बजट की कमी के चलते अस्पतालों की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। आवश्यक संसाधनों और सुविधाओं के अभाव में मरीजों को इलाज में देरी और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सूत्रों का कहना है कि यदि जल्द ही बजट जारी नहीं किया गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। वहीं, सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि किसी भी मरीज का इलाज प्रभावित नहीं हो रहा है। जल्द ही ई-वाउचर सुविधा बहाल होगी।

संबंधित समाचार