लखनऊ के बाद अब गाजियाबाद में आग तांडव : 150 से अधिक झुग्गियां जलकर खाक, कई परिवार हुए बेघर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के एक गांव में बृहस्पतिवार दोपहर भीषण आग लगने से 150 से अधिक झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की फिलहाल कोई सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव में उस जगह पर भीषण आग लगने की सूचना मिली, जहां कबाड़ के निस्तारण और पुनर्चक्रण का काम होता है। 

जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मंदार के मुताबिक, आग में 150 से अधिक झुग्गियां जलकर खाक हो गईं, जिससे कई परिवार बेघर हो गए। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया है, लेकिन पूरे इलाके में धुएं का गुबार है। मंदार के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने की फिलहाल कोई सूचना नहीं है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस बात की पुष्टि करने के लिए इलाके में सर्वेक्षण कराया जा रहा है कि कोई व्यक्ति लापता तो नहीं है। 

जिलाधिकारी ने बताया कि चिकित्सकों की एक टीम मौके पर है और आसपास के अस्पतालों को भी अलर्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है, हालांकि अधिकारियों को संदेह है कि अवैध बिजली कनेक्शन में शॉर्ट सर्किट या गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण चिंगारी भड़की होगी। अधिकारियों के मुताबिक, प्रभावित परिवारों को अस्थायी आश्रयों में ले जाया गया है और उन्हें राहत सामग्री उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। 

पुलिस के अनुसार, मौके पर शीतलन प्रक्रिया पूरी होने के बाद घटना की गहन जांच शुरू की जाएगी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि आग हाईटेंशन तारों से निकली चिंगारी के कारण लगी। जिला सूचना कार्यालय के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, कनवानी में आर्य पब्लिक स्कूल को राहत शिविर बनाया गया है, जहां आवश्यक सेवाएं प्रदान की जाएंगी। 

इसमें कहा गया कि लगभग 1,000 लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है, पेयजल के लिए सात टैंकर की व्यवस्था की गई है और मोबाइल शौचालय स्थापित किए गए हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने और नियमित गश्ती करने के लिए पुलिस बल तैनात किए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन को पीड़ित परिवारों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।  

संबंधित समाचार