ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई : वैदपुरा और खोदना कलां में निर्माणाधीन भवन सील
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वैदपुरा गांव और खोदना कलां गांव में बन रहे निर्माणाधीन भवनों को सील कर दिया। अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति बनाए जा रहे इन बहुमंजिला भवनों पर प्राधिकरण ने पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई की, जिससे अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया।
शनिवार को प्राधिकरण कार्यालय से विज्ञप्ति साझा करते हुए यह जानकारी दी गई, जिसमें बताया गया कि, यह कार्रवाई प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार के निर्देश पर एसीईओ सुमित यादव की निगरानी में वर्क सर्किल-2 की टीम द्वारा की गई। प्राधिकरण के महाप्रबंधक (परियोजना) ए.के. सिंह ने बताया कि वैदपुरा गांव के खसरा संख्या 332, 333, 334 और 615 पर अवैध रूप से बहुमंजिला भवनों का निर्माण किया जा रहा था।
सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ प्रबंधक नरोत्तम सिंह के नेतृत्व में मैनेजर रोहित गुप्ता व टीम ने मौके पर पहुंचकर पुलिस बल के साथ इन भवनों को सील कर दिया। इसी तरह ग्राम खोदना कलां में खसरा संख्या 323, 324 और 194 की जमीन पर भी बिना प्राधिकरण की अनुमति के निर्माण कार्य चल रहा था। यहां भी प्राधिकरण की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन भवनों को सील कर दिया और तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य रुकवा दिया।
एसीईओ यादव ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी जमीन या फ्लैट को खरीदने से पहले प्राधिकरण से उसकी पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि अवैध कॉलोनियों में निवेश कर आर्थिक नुकसान से बचा जा सके। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध निर्माण पर रोक लगाने की दिशा में सख्त संदेश गया है।
