बाराबंकी में तेज धूप, लू का डबल अटैक, बाजार से गायब हुई रौनक, पसरा सन्नाटा
बाराबंकी, अमृत विचार। झुलसा देने वाली धूप, 42 डिग्री पारा उस पर गर्म हवाओं ने आमजन के होश उड़ा कर रख दिए हैं। अभी यह हाल हैं आगे क्या होगा के बारे में सोंचकर लोग अभी से परेशान हैं। बाजार में पसरा सन्नाटा देर शाम ही टूट रहा तो एसी का प्रयोग इस समय चरम पर है। गर्मी का प्रकोप इस कदर कि इंसान क्या पशु पक्षी भी बेहाल हो चले हैं।
हालिया दिनों में गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है और हालात दिन-ब-दिन गंभीर होते जा रहे। इंसान ही नहीं, पशु-पक्षी भी इस भीषण तापमान की मार झेल रहे हैं। यही स्थिति बनी रही, तो आने वाले दिनों में जनजीवन और अधिक प्रभावित होने की आशंका है। पिछले एक सप्ताह से लगातार पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। शनिवार को को तेज धूप व गर्म हवाओं ने प्रचंड तेवर दिखाए।
शहर व ग्रामीण इलाकों का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा। एक ही सप्ताह पहले मौसम में बदलाव तेज गर्मी ने बिसरा दिए। लू के तीखे थपेड़ों ने लोगों की दिनचर्या को अस्त-व्यस्त कर दिया है। दोपहर के समय चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण सड़कों पर सन्नाटा बिछा हुआ है।
उधर स्कूल से लौटते समय बच्चे भी बेहाल दशा में दिखे। घरों में कूलर पंखों का प्रयोग चरम पर है पर राहत नहीं मिल रही। वहीं इस समय एसी ही गर्मी से निजात दिलाने की स्थिति में है। गर्मी के असर से बाजार भी अछूती नहीं, सुबह के समय बाजार में चहल-पहल दिन चढ़ते ही गायब हो जा रही, वहीं सड़कों पर भीड़ न के बराबर है। दुकानदार ग्राहकों के इंतजार में बैठे हैं और ग्राहक गर्मी से बचते फिर रहे। लोग केवल शाम ढलने के बाद ही घरों से बाहर निकलने की हिम्मत जुटा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
