इकाना में फिर दिखेगा दहिया का दिमाग, बोले- कैंप बदला है, जज्बा नहीं
नई टीम के साथ भी वही समर्पण, पेशेवर रवैया सबसे अहम
लखनऊ, अमृत विचार: गुजरात टाइटंस के असिस्टेंट कोच विजय दहिया अपने घरेलू मैदान इकाना स्टेडियम में इस बार नई टीम के साथ रणनीति बनाते नजर आएंगे। मैच से एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि आईपीएल में पेशेवर रवैया सबसे अहम होता है और टीम बदलने से प्रतिबद्धता नहीं बदलती।
दहिया ने कहा कि पहले वह लखनऊ टीम के लिए पूरी निष्ठा से काम कर चुके हैं और अब गुजरात टाइटंस के लिए उसी समर्पण के साथ जुटे हैं। उन्होंने इसे लीग की खूबसूरती बताते हुए कहा कि खिलाड़ी और कोच हर परिस्थिति में अपनी भूमिका के प्रति ईमानदार रहते हैं।
पिच को लेकर उन्होंने बताया कि पिछला मैच लाल मिट्टी पर खेला गया था, जबकि आगामी मुकाबला मिश्रित मिट्टी पर हो सकता है। साथ ही यह डे मैच होने से परिस्थितियां अलग और चुनौतीपूर्ण रहेंगी। उन्होंने कहा कि टी-20 क्रिकेट में करीबी मुकाबले आम हैं और टीम की ताकत आखिरी गेंद तक संघर्ष करना है।
कप्तान शुभमन गिल की सराहना करते हुए दहिया ने कहा कि उनकी काबिलियत सबको पता है और उनकी कप्तानी में टीम अच्छा कर रही है। वहीं राशिद खान पर भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा कि वह विश्वस्तरीय खिलाड़ी हैं और हर भूमिका में अपना शत-प्रतिशत देते हैं।
