बाराबंकी में नारी शक्ति सम्मेलन में बोले राज्यमंत्री, विरोध का खामियाजा भुगतेंगे विपक्षी दल

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। विधानसभा दरियाबाद अंतर्गत ब्लॉक दरियाबाद परिसर में आयोजित नारी शक्ति सम्मेलन में महिलाओं की भारी भागीदारी देखने तो मिली। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री सतीश शर्मा और जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज की नारी आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बन रही है। 

केंद्र सरकार के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। राज्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस जैसी पार्टियों ने संसद में महिला आरक्षण के विरोध में मतदान कर मातृशक्ति के अधिकारों की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के घटक दलों के विरोध के कारण यह बिल पारित नहीं हो सका, जो महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है। 

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए संकल्पित है, जबकि विपक्षी दल केवल राजनीति कर रहे हैं। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन दलों को महिलाओं के विरोध का खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

सम्मेलन के दौरान महिलाओं ने महिला आरक्षण अधिनियम के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में चेयरमैन जगदीश गुप्ता, संदीप त्रिपाठी, पवन वर्मा, पूर्व प्रमुख देवानंद पांडेय, वंदना दास, अनीता वर्मा, मालती देवी सहित हजारों महिलाएं मौजूद रहीं।

सनातन संस्कृति के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध- सतीश शर्मा

Untitled design (18)

क्षेत्र के कोटवाधाम में शनिवार को भेलसर-फतेहपुर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने एमएलसी अंगद कुमार सिंह के साथ किया। इस परियोजना पर कुल 9186.76 लाख रुपये की लागत आएगी। संबोधित करते हुए राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि सरकार सनातन संस्कृति के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थलों का तेजी से विकास कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कोटवाधाम के विकास के लिए सरकार द्वारा तीन करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। 

कोटवाधाम विकास को मिली रफ्तार

उन्होंने कहा कि 27 किलोमीटर लंबा यह सड़क मार्ग भेलसर, टिकैतनगर, रामनगर और फतेहपुर क्षेत्र के लोगों की दशकों पुरानी मांग को पूरा करेगा। यह सड़क बाराबंकी के विकास की रीढ़ साबित होगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत बनाएगी।

राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में सड़कों का व्यापक जाल बिछाया जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को अपनी फसल मंडी तक पहुंचाने में सुविधा मिले और मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो। यह परियोजना उसी सोच का हिस्सा है। 

भेलसर-फतेहपुर मार्ग चौड़ीकरण का शिलान्यास

उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह स्वयं समय-समय पर कार्य की समीक्षा और निरीक्षण करेंगे। कार्यक्रम में टिकैतनगर चेयरमैन जगदीश प्रसाद गुप्ता, महंत निलेन्द्र बक्स दास (नीरज भैया), पूर्व ब्लाक प्रमुख देवानंद पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें : 
बाराबंकी में तेज धूप, लू का डबल अटैक, बाजार से गायब हुई रौनक, पसरा सन्नाटा 

 

संबंधित समाचार