फतेहपुर : अखिलेश के चाय पीने से चर्चा में आई दुकान पर बड़ी कार्रवाई, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जांच कर भरे नमूने
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक चाय की दुकान पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई शनिवार को चर्चा का विषय बन गई। विभागीय कर्मचारियों ने दुकान पर पहुंचकर चाय का नमूना लिया और उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। सूत्रों के अनुसार करीब दो माह पूर्व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एक कार्यक्रम के सिलसिले में फतेहपुर आए थे।
इस दौरान उन्होंने उक्त चाय की दुकान पर रुककर चाय पी थी। इसके बाद यह दुकान चर्चा में आ गई थी। शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकान पर पहुंचकर नमूना संकलित किया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दुकानदार ने कार्रवाई को उत्पीड़न बताते हुए दुकान बंद कर दी। घटना के बाद पूरे शहर में इस मामले की चर्चा रही और सोशल मीडिया पर भी लोगों ने विभिन्न प्रतिक्रियाएं दीं। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
