बाराबंकी में बालिकाओं के बांटी गई सुकन्या समृद्धि पासबुक, भारतीय डाक विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बचत के लिए जगाई अलख
बाराबंकी, अमृत विचार। हरख ब्लॉक के नानमऊ गांव में भारतीय डाक विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में महानिदेशक डाक सेवाएं जितेंद्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ उत्तर प्रदेश परिमंडल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल प्रणव कुमार और पोस्टमास्टर जनरल सुनील कुमार राय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक जितेंद्र गुप्ता ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को बढ़ावा देते हुए नन्हीं बालिकाओं को सुकन्या समृद्धि योजना (एसएसए) की पासबुक वितरित कीं। उन्होंने अभिभावकों को बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बचत के महत्व के बारे में जागरूक किया।
इस अवसर पर उन्होंने विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए ग्रामीण डाक सेवकों (जीडीएस) से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही महत्वपूर्ण सुझावों पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि बचत खाते (पीओएसबी), सुकन्या समृद्धि योजना, पीपीएफ और पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस जैसी योजनाओं को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
महानिदेशक ने डाक सेवाओं की बुकिंग और डिलीवरी प्रक्रिया को और अधिक तेज और सरल बनाने पर जोर दिया, साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल बैंकिंग और डाक सेवाओं के एकीकरण की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में बाराबंकी मंडल की अधीक्षक डाकघर किरण सिंह सहित उप-मंडलीय प्रमुख, विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डाक विभाग केवल पत्र पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को समर्पण भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
