Uttrakhand: होटल के कमरे में स्कूल ड्रेस में मिलीं दो नाबालिग छात्राएं

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रामनगर, अमृत विचार। नैनीताल जिले में रामनगर के एक होटल के कमरे से स्कूल यूनीफार्म में दो नाबालिग छात्राएं बरामद होने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर जांच शुरू कर दी है।

रामनगर के कानियां क्षेत्र स्थित एक होटल में उस समय सनसनी फैल गई, जब स्कूल ड्रेस में दो नाबालिग छात्राओं के मिलने की खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि ये दोनों छात्राएं शहर के एक प्रतिष्ठित रानीखेत रोड स्थित इंटर कॉलेज की हैं और होटल के कमरे में मौजूद थीं।

सूचना के आधार पर पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन जोशी ने इस मामले को उठाया, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर जोगा सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छात्राओं के साथ मौजूद कुछ लोगों को हिरासत में लिया और कोतवाली ले जाया गया।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाबालिग छात्राओं का इस तरह होटल में पाया जाना कई सवाल खड़े करता है। वहीं यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि बिना उचित पहचान पत्र के होटल में कमरा दिए जाने जैसी गंभीर लापरवाही हुई है।

भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मदन जोशी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार लव जिहाद के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है, इसी के तहत रामनगर के हिम्मतपुर डोटियाल में कोजी कैफे होटल व होमस्टे इस होटल की लगातार शिकायत मिल रही थी कि यहां लगातार ऐसे कार्य किया जा रहे हैं।

पुलिस के साथ वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि दो नाबालिग छात्राएं है और उस स्कूल की ड्रेस में थी। मदन जोशी ने कहा कि स्कूल प्रबंधन से भी कह चुके हैं कि स्कूल के बाहर अपनी सुरक्षा लगाइए और जो बच्चे स्कूल में नहीं आ रहे हैं उनसे प्रार्थना पत्र लीजिए और उनके अभिभावकों को भी सूचना दीजिए उनके घर फोन कीजिए।

उन्होंने कहा कि यह दो नाबालिग बच्चियों कालेज से कैसे में होटल में गई। ना होटल संचालक ने उनकी आईडी ली, ना जांच की, जबकि वह ड्रेस में थीं और उनको कमरा दे दिया गया। उन्होंने कहा कि हुक्का तक इन बच्चों के हाथ में था, जिसे बाद में पुलिस ने सील किया है।

यह लव जिहाद की बहुत बड़ी घटना है
मदन जोशी ने कहा कि लव जिहाद की बहुत बड़ी घटना यह आज रामनगर में हुई है और इससे पूर्व भी लव जिहाद की घटना रामनगर में हो चुकी है, उन्होंने कहां की हमारे माता-पिता को जागरूक होने की जरूरत है ,जब तक माता-पिता जागरूक नहीं होंगे तब तक लव जिहाद की घटनाएं होती रहेंगी।

पूरे मामले की संवेदनशीलता के साथ जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने होटल को सील कर दिया है और सीसीटीवी डीवीआर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने बताया कि दोनों छात्राएं नाबालिग हैं, इसलिए पूरे मामले की संवेदनशीलता के साथ जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

संबंधित समाचार