Market Forecast: ग्लोबल फैक्टर्स के बीच कैसा रहेगा बाजार का मूड, तिमाही नतीजों से तय होगी चाल

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में बीते सप्ताह रही तेजी के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर वैश्विक कारकों के साथ-साथ कंपनियों के तिमाही परिणामों पर भी रहेगी। पश्चिम एशिया संकट को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच जारी शांति वार्ता में क्या प्रगति होती है, इस पर काफी कुछ निर्भर करेगा।

इसके अलावा घरेलू स्तर पर मार्च में आठ मुख्य उद्योग क्षेत्रों के प्रदर्शन के आंकड़े भी इसी सप्ताह आने वाले हैं। निवेशकों की नजर एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा, ट्रेंट, इंफोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एक्सिस बैंक जैसी दिग्गज कंपनियों के तिमाही परिणामों पर भी रहेगी।

गत सप्ताह बाजार में सोमवार और गुरुवार को गिरावट रही जबकि बुधवार और शुक्रवार को तेजी देखी गयी। मंगलवार को अंबेडकर जयंती के मौके पर अवकाश रहा। सप्ताह के दौरान बीएसई का सेंसेक्स 943.29 अंक (1.22 प्रतिशत) चढ़ा और छह सप्ताह के उच्चतम स्तर 78,493.54 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 302.95 अंक यानी 1.24 फीसदी की साप्ताहिक बढ़त में 24,353.55 अंक पर पहुंच गया। मझौली और छोटी कंपनियों में जबरदस्त लिवाली रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक सप्ताह के दौरान 3.42 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 4.31 प्रतिशत उछल गया। 

बीते सप्ताह सेंसेक्स की 30 में से 24 कंपनियों के शेयर चढ़े। अडानी पोर्ट्स में सबसे अधिक 6.64 प्रतिशत की बढ़त रही। इटरनल में 5.14 प्रतिशत, पावरग्रिड में 5.11, टेक महिंद्रा में 4.96, ट्रेंट में 4.78, बीईएल में 4.61, एशियन पेंट्स में 4.41, हिंदुस्तान यूनीलिवर में 3.97, एनटीपीसी में 3.51 और एलएंडटी में 3.41 प्रतिशत की साप्ताहिक तेजी दर्ज की गयी। टाटा स्टील का शेयर 2.64 फीसदी, अल्ट्राटेक सीमेंट का 2.57, कोटक महिंद्रा बैंक का 2.33, टीसीएस का 2.27 और इंफोसिस का 2.03 फीसदी ऊपर बंद हुआ। 

आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 1.93 प्रतिशत, इंडिगो का 1.82, बजाज फिनसर्व का 1.66, भारतीय स्टेट बैंक का 1.28, सनफार्मा का 1.24 और रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.11 प्रतिशत मजबूत हुआ। आईटीसी, एक्सिस बैंक और टाइटन के शेयर भी हरे निशान में रहे। महिंद्रा एंड महिंद्रा में सबसे अधिक 1.91 प्रतिशत की साप्ताहिक गिरावट रही।

मारुति सुजुकी का शेयर 1.89 फीसदी, बजाज फाइनेंस का 1.70, एचडीएफसी बैंक का 1.30 और भारती एयरटेल का 1.25 प्रतिशत टूट गया। एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर भी नीचे बंद हुआ।

ये भी पढ़ें : 
Stock Market Closed : पश्चिम एशिया तनाव कम होने से शेयर बाजार में तेजी, 505 अंक चढ़ा सेंसेक्स, जानिए निफ्टी का हाल

संबंधित समाचार