UP: ट्रांस शारदा में वाहन की टक्कर से तेंदुआ की मौत, नहर किनारे मिला शव
पीलीभीत, अमृत विचार। ट्रांस शारदा क्षेत्र में बीती रात अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुआ की मौत हो गई। सड़क पर तेंदुआ का शव पड़े होने की जानकारी लगते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची संपूर्णानगर रेंज की टीम ने तेंदुआ के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घटना ट्रांस शारदा क्षेत्र में नेहरू नगर से भुरजनिया जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार रात हुई। मार्ग से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने सड़क पर एक मादा तेंदुआ का शव पड़ा देखा। शव के पास ही खून भी पड़ा था। तेंदुआ का शव और पास में पड़े खून को देखकर सनसनी फैल गई। जानकारी लगते ही मौके पर आसपास गांवों के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। तेंदुआ की मौत सड़क से गुजर रहे वाहन की टक्कर लगने से होने की बात सामने आई। इस बीच कुछ ग्रामीणों ने इसकी सूचना वनकर्मियों को दी।
सूचना के कुछ देर बाद ही संपूर्णानगर रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी ललित कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल के आसपास जांच पड़ताल की। इसके बाद टीम ने तेंदुआ के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। इस मामले में क्षेत्रीय वनाधिकारी ललित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मादा तेंदुआ की मौत वाहन की टक्कर से होना पाया गया है। जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बता दें कि पिछले कुछ माह से ट्रांस शारदा क्षेत्र में तेंदुआ और बाघों की खासी मौजूदगी देखी जा रही है। दो दिन पूर्व चंदनगर में तेंदुआ गांव निवासी विजय के घर से एक बकरी भी उठा ले गया था।
