सोलर क्रांति में लखनऊ शीर्ष पर ... सूरत को पछाड़कर बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, रूफटॉप संयंत्रों की कुल संख्या 87 हजार के पार

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: राजधानी लखनऊ ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाते हुए देश में रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन के मामले में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। योगी आदित्यनाथ सरकार के नेतृत्व में चल रहे अभियान और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभाव से यह उपलब्धि संभव हो सकी है।

उप्र. नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा अभिकरण (यूपीनेडा) के निदेशक इंद्रजीत सिंह के अनुसार, लखनऊ में अब तक 87,000 से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित हो चुके हैं, जो किसी भी जिले में सबसे अधिक हैं। वहीं 15 अप्रैल तक चालू वित्तीय वर्ष में 3,133 नए संयंत्र लगाए गए हैं, जिससे लखनऊ ने सोलर अपनाने में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। जो कि अभी तक सूरत के नाम था।

विशेषज्ञों के मुताबिक, शहरी क्षेत्रों में इंडक्शन कुकटॉप और इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग से बिजली की मांग तेजी से बढ़ी है। ऐसे में उपभोक्ता बिजली बिल कम करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सोलर ऊर्जा की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। रूफटॉप सोलर सिस्टम न केवल दीर्घकालिक बचत दे रहे हैं, बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता भी बढ़ा रहे हैं।

सब्सिडी और आसान प्रक्रिया बनी गेमचेंजर

नवीकरणीय ऊर्जा अभिकरण के निदेशक ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी, सरल आवेदन प्रक्रिया और डिस्कॉम के सहयोग से इंस्टॉलेशन प्रक्रिया तेज और सुगम हुई है। कहना है कि इससे आम उपभोक्ताओं का भरोसा बढ़ा है और अपनाने की रफ्तार तेज हुई है। लखनऊ की यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य जिलों के लिए प्रेरणा बन रही है।

ये भी पढ़ें : 
राम मंदिर के 60 अर्चकों के लिए आए 500 आवेदन, नया प्रशिक्षण शुरू, निर्धारित शर्त को पूरा करने वाले वालों का होगा चयन

संबंधित समाचार