बढ़े बिल और कटौती से परेशान महिलाओं ने पार्षद का किया घेराव... स्मार्ट मीटर से बढ़ीं समस्याएं, समाधान की उठी मांग
लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी के मनकामेश्वर वार्ड में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। बढ़े हुए बिजली बिल और बार-बार हो रही कटौती से नाराज महिलाओं ने पार्षद रंजीत सिंह का घेराव कर जल्द समाधान की मांग की। मामला विधायक नीरज बोरा तक पहुंचा, जहां से कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल असामान्य रूप से बढ़ गए हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि बैलेंस माइनस में चला जाता है, जिससे बिना सूचना बिजली काट दी जाती है। इससे घरों में अंधेरा छा जाता है और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है।
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि बिना जानकारी उनके मीटर की प्रणाली बदल दी गई, जिससे बिलिंग समझना मुश्किल हो गया है। हर महीने भारी बिल आने से खासकर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार परेशान हैं। पार्षद रंजीत सिंह ने भी माना कि स्मार्ट मीटर के कारण समस्याएं बढ़ी हैं। उन्होंने शिकायत विधायक तक पहुंचाते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिलाया है।
