स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर बढ़ा जनआक्रोश, उपभोक्ताओं ने प्रदेशव्यापी आंदोलन की दी चेतावनी
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद की ओर से शनिवार को आयोजित प्रादेशिक ऑनलाइन वेबिनार में पूर्वांचल, पश्चिमांचल, दक्षिणांचल, मध्यांचल और केस्को क्षेत्र से सैकड़ों उपभोक्ताओं ने भाग लेकर अपनी समस्याएं साझा कीं।
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रीपेड मीटर व्यवस्था आर्थिक बोझ बन गई है। उनका कहना है कि मीटर तेज चल रहे हैं, बैलेंस अचानक नेगेटिव हो जाता है और बार-बार रिचार्ज के बावजूद राहत नहीं मिलती। कई उपभोक्ताओं ने बिना अनुमति पोस्टपेड कनेक्शन को प्रीपेड में बदलने की शिकायत भी की।
परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने बिजली कंपनियों पर नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि लाखों मीटर जबरन बदले गए हैं, जिन्हें वापस किया जाना चाहिए। उन्होंने नए कनेक्शनों में अनिवार्य प्रीपेड व्यवस्था समाप्त करने की मांग की।
वेबिनार में बिलों में बढ़ोतरी, बैलेंस गड़बड़ी और शिकायत निस्तारण में लापरवाही पर चिंता जताई गई। परिषद ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान न होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज किया जाएगा।
