Rampur: चलती ट्रेन में लूटपाट करने वाले चार बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बिलासपुर, अमृत विचार। रविवार तड़के करीब 5 बजे बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें बुधवार को चलती काठगोदाम संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में लूट करने वाले आरोपियों को रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, एक आरोपी के पैर में गोली लगी है।

मुखबिर की सूचना मिलने पर जीआरपी थाना प्रभारी ईश्वर चंद्र अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जीआरपी द्वारा की जाएगी। 

प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि आवश्यक बल प्रयोग कर चार आरोपियों को पकड़ा गया है। उनके पास से दो तमंचे और दो खोखों सहित चार कारतूस बरामद किए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों में से उत्तराखंड के नानकमत्ता निवासी मिसरा सिंह के बायें पैर में गोली लगी है। तीन अन्य आरोपियों में नानकमत्ता निवासी गुरदेव सिंह उर्फ डेविड तथा रम्पुरा (रुद्रपुर) निवासी गौरव और भारत शामिल हैं। 

गोली लगने से घायल आरोपी मिसरा सिंह का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। सीएचसी के चिकित्साधिकारी डॉ. एसके व्यास ने बताया कि घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया कि लूट का यह मामला जीआरपी थाने में दर्ज है। आगे की कार्रवाई जीआरपी द्वारा की जाएगी। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में करीब ढाई लाख रुपये की लूट की यह घटना स्थानीय रेलवे स्टेशन के नजदीक बीते बुधवार को हुई थी। अज्ञात बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उत्तराखंड के रुद्रपुर के ऑटो पार्ट्स व्यापारी मंजीत सिंह के दो कर्मचारियों ऋतिक मंडल व साहब सिंह से लगभग ढाई लाख रुपये लूट लिए थे। यह रुपये लेकर वह माल खरीदने दिल्ली जा रहे थे।

संबंधित समाचार