CM योगी के रोड शो में उमड़ा जनसैलाब... सड़कों पर गूंजे जय श्रीराम के नारे, लोगों ने किया जोरदार स्वागत
मुख्यमंत्री योगी ने भाजपा प्रत्याशी नीलाद्रि शेखर दाना के लिए मांगे वोट, लोगों ने किया जोरदार स्वागत
लखनऊ/बांकुड़ा, अमृत विचार : पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रोड शो में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। ‘बुलडोजर बाबा’ के नाम से चर्चित सीएम योगी को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। पूरे रोड शो के दौरान ‘देखो-देखो कौन आया, शेर आया’ और ‘जय श्रीराम’ के नारे गूंजते रहे।
सीएम योगी ने शनिवार को बांकुड़ा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नीलाद्रि शेखर दाना के समर्थन में जनसमर्थन मांगा। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘योगी-योगी’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। रोड शो के दौरान सीएम योगी ने हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। लोगों ने हाथ उठाकर भाजपा को समर्थन देने का भरोसा जताया। उन्होंने कार्यक्रम के अंत में जनता का आभार जताते हुए कहा कि बंगाल का उत्साह बदलाव का संकेत दे रहा है।
छतों पर खड़े होकर लोगों ने किया स्वागत
सीएम योगी की एक झलक पाने के लिए महिलाएं और बच्चे घरों की छतों पर खड़े नजर आए। कई लोग मोबाइल से वीडियो और तस्वीरें बनाते दिखे। मुख्यमंत्री ने भी सभी का अभिवादन स्वीकार किया। रोड शो में उमड़ी भीड़ और लोगों के उत्साह को देखते हुए इसे भाजपा के लिए अहम राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
