OTS योजना के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर आज से करें आवेदन, प्रमुख सचिव ने डिफाल्टर आवंटियों के लिए लांच किया पोर्टल
लखनऊ, अमृत विचार : एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के लिए डिफाल्टर आवंटी रविवार से ऑनलाइन पोर्टल पर घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। प्रमुख सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन पी गुरुप्रसाद ने शनिवार को (ओटीएस) 2026 की औपचारिक शुरुआत के बाद ऑनलाइन सॉफ्टवेयर प्रणाली का शुभारंभ किया। आवंटी upots.in के माध्यम से आसानी से आवेदन कर सकेंगे।
इससे पहले प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में विभाग के विभिन्न अभिकरणों के कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के सभागार में हुई। जिसमें विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति, लंबित प्रकरणों के निस्तारण, राजस्व सृजन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा कार्यप्रणाली को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रमुख सचिव (आवास एवं शहरी नियोजन), आवास आयुक्त उप्र आवास एवं विकास परिषद, निदेशक (आवास बन्धु), निदेशक (सूडा), विशेष सचिव (आवास एवं शहरी नियोजन) सहित विभिन्न विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्ष, परिषद एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
पीएम आवास योजना शहरी को प्राथमिकता पर पूरा करें
प्रमुख सचिव ने बैठक में पीएम आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत किफायती आवास परियोजनाओं को प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को समय से आवास उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सिटी डेवलपमेंट प्लान, निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण के विरूद्ध प्रवर्तन कार्यवाही और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही
जनहित गारंटी पोर्टल एवं आईजीआरएस पर लंबित प्रकरणों के गुणवत्तापरक निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
योजनाओं में पीएनजी नेटवर्क का किया जाए प्रावधान
बैठक में प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद ने सिटी गैस वितरण (पीएनजी) नेटवर्क के विस्तार के लिए आवास एवं विकास परिषद और विभिन्न विकास प्राधिकरणों को अपनी योजनाओं में अधिक से अधिक प्रावधान करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कालोनियों में पीएनजी नेटवर्क का विस्तार किया जाए। जिससे आम नागरिकों को भी पीएनजी की सुविधा मिल सके।
