Bareilly: लूट-छिनैती, गौवध और गैंगस्टर पर कसा शिकंजा, एसएसपी बोले हर हाल में चाहिए रिजल्ट
बरेली, अमृत विचार। जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गूगल मीट के जरिए हुई हाईलेवल समीक्षा बैठक में एसएसपी ने साफ संदेश दिया कि अपराध पर जीरो टॉलरेंस रहेगा, जनसुनवाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिले में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने गूगल मीट के माध्यम से सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ व्यापक समीक्षा बैठक की। बैठक में लूट, छिनैती, गोवध, हत्या और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामलों की गहन समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अपराधियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसएसपी ने लूट और छिनैती की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों और सर्विलांस सेल को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्र खुलासा किया जाए।
गोवध और गैंगस्टर पर सख्ती
गोवध से जुड़े मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं गैंगस्टर एक्ट के तहत चल रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए अभियोगों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
आत्महत्या के मामलों में गहन जांच के निर्देश
आत्महत्या के मामलों को लेकर एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि हर प्रकरण की गहराई से जांच की जाए और आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। थाना, चौकी और सर्किल स्तर पर जनसुनवाई को गंभीरता से लेने के निर्देश देते हुए कहा गया कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण अनिवार्य है।
ऑपरेशन शील्ड और नशा मुक्ति अभियान पर जोर
बैठक में ऑपरेशन शील्ड और नशा मुक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि अपराध और नशे के नेटवर्क पर एक साथ प्रहार किया जा सके।
मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न पर चलेगा अभियान
एसएसपी ने दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर के अवैध प्रयोग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
