बरेली: हादसों में दो की मौत, एक की दो माह पहले ही हुई थी शादी
अमृत विचार, बरेली। सर्दी का मौसम आते ही हादसों की संख्या बढ़ गई है। बुधवार को जिले में तीन जगह हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई थी। उसके बाद देर रात इज्जतनगर क्षेत्र में हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव …
अमृत विचार, बरेली। सर्दी का मौसम आते ही हादसों की संख्या बढ़ गई है। बुधवार को जिले में तीन जगह हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई थी। उसके बाद देर रात इज्जतनगर क्षेत्र में हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। भोजीपुरा क्षेत्र के रहने वाले युवक की शादी के दो माह बाद ही मौत के बाद उसकी पत्नी बेसुध होकर गिर गई।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के इटौआ केदारनाथ निवासी नाजिम अली 22 साल पुत्र अहमद अली मजदूरी करता था। बुधवार को बाइक से अपने जादोपुर स्थित काम पर जा रहा था। इसी बीच वह जैसे ही धबोरा गांव के पास पहुंचा तभी एक तेज रफ्तार वाहन उसे टक्कर मारते हुए निकल गया। हादसे में नाजिम की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अज्ञात में पंचनामा भरने के बाद जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। उसके बाद परिवार के लोगों ने गुरुवार की सुबह जिला अस्पताल पहुंचकर शव की शिनाख्त की। मृतक नाजिम के भाई आसिफ ने बताया कि उसकी दो माह पहले ही इज्जतनगर थाना क्षेत्र के भूड़ा की रहने वाली फातिमा के साथ शादी हुई थी। अब उसकी मौत के बाद ससुराल और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
वहीं, दूसरा हादसा इज्जतनगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाईपास पर हुआ जिसमें पैदल जा रहे एक युवक को कोई तेज रफ्तार अज्ञात वाहन टक्कर मार गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बिथरी चैनुपर निवासी 25 वर्षीय नफीस पुत्र बुंदन बक्श मजदूरी के साथ मुर्गे का मीट बेचने का भी काम करता था।
बुधवार की शाम वह पैदल घर जा रहा था। इसी बीच पह जैसे ही बड़ा बाईपास के अहलादपुर चौकी के पास पहुंचा तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन उसे रौंदता हुआ चला गया। वाहन की चपेट में आकर युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके मोबाइल से फोन करने के बाद परिजनों को मौत की सूचना दी। परिवार वालों ने बताया कि उसकी मां की तीन दिन पहले ही बीमारी की वजह से मौत हुई थी। मां बेटे की मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
