Bareilly: भाजपा नेता के भाई की शादी में बवाल, बरातियों को पीटा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

सीबीगंज, अमृत विचार। सीबीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात भाजपा के मंडल अध्यक्ष के भाई की शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब दबंगों ने बरातियों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आंधे घंटे तक बरात में बवाल होता रहा लेकिन पुलिस नहीं पहुंची और आरोपी फरार भी हो गए।

जौहरपुर गांव निवासी और भाजपा के सीबीगंज मंडल अध्यक्ष अजय मौर्य ने बताया कि उनके छोटे भाई रजत मौर्य की बरात में सब लोग जश्न में डूबे थे। डीजे पर गाने बज रहे थे और लोग नाच रहे थे। सब कुछ सही चल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान टियूलिया गांव निवासी अजय गंगवार अपने चार-पांच साथियों के साथ आया और बरातियों पर हमला कर दिया। इससे बरात में अफरा-तफरी मच गई। कई बराती लहूलुहान हो गए। शादी समारोह में चीख-पुकार होने लगी।

आधे घंटे तक बरात में बवाल होता रहा। हमले में जौहरपुर निवासी धर्मेंद्र श्रीवास्तव सहित चार लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर परसाखेड़ा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मामला फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र का बताकर चौकी पुलिस ने पल्ला झाड़ लिया। फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। घायलों के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों की संख्या चार से पांच थी, लेकिन पुलिस ने सीमित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

कई लोगों के तोड़ दिए मोबाइल
हमलावरों ने मारपीट का वीडियो बनाने वाले कई लोगों के मोबाइल तोड़ दिए। साथ ही लोगों को जान से मारने की धमकी भी दी। दबंगों ने फिल्मी स्टाइल में बरात में घुसकर घटना को अंजाम दिया। बरातियों का कहना था कि बिना किसी रंजिश के ही आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया है। बरात में इस वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। आधे घंटे तक वहां कोई पुलिस गश्त की गाड़ी नहीं निकली। ऐसे में तो कभी वहां पर कोई बड़ी घटना भी हो सकती है।

सहमे बच्चे, डर गई महिलाएं
शादी में खुशियों का माहौल था। वहां दबंगों की एंट्री के बाद जब लाठी डंडे चलने लगे तो बच्चे और महिलाएं डर गए। माता-पिता ने अपने बच्चों को गोद में उठा लिया। इसके साथ ही कई लोग बरातघर से ही बाहर चले गए।

एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने बताया कि शादी में कुछ लोगों ने घुसकर हमला किया है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है। हमलावरों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

संबंधित समाचार