AI निगरानी में 39 हजार अभ्यर्थियों ने दी सहायक आचार्य पुनर्परीक्षा, प्रयागराज में OMR स्कैनिंग से पारदर्शिता की नई पहल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

6 जिलों के 50 केंद्रों पर दो पालियों में हुई 16 विषयों की परीक्षा

लखनऊ, अमृत विचार: उप्र. शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से सहायक आचार्य की लिखित पुनर्परीक्षा शनिवार और रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई। 16 विषयों की यह परीक्षा प्रदेश के छह जिलों आगरा, मेरठ, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी के 50 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित हुई। एआई निगरानी और प्रयागराज में ओएमआर स्कैनिंग के पायलट प्रोजेक्स से पारदर्शिता की नई पहल सामने आई।

परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे और दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक आयोजित की गई। आयोग ने परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सभी केंद्रों की निगरानी की।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने स्वयं प्रयागराज के कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। यहां पारदर्शिता बढ़ाने के लिए एक अभिनव प्रयोग के तहत पांच केंद्रों पर ओएमआर शीट की स्कैनिंग परीक्षा समाप्त होते ही परीक्षार्थियों और कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति में कराई गई। इस प्रक्रिया की समीक्षा भी अध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर की। दो दिनों में कुल 39,192 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। 18 अप्रैल को 19,718 परीक्षार्थी (41.35% महिलाएं, 58.64% पुरुष) और 19 अप्रैल को 19,474 परीक्षार्थी (30.93% महिलाएं, 69.07% पुरुष) शामिल हुए। आयोग के अनुसार, जिला प्रशासन और पुलिस की सक्रिय भागीदारी से सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हुई।

संबंधित समाचार