अक्षय तृतीया पर बागपत में यमुना महाआरती के साथ स्वच्छता का महाभियान, श्रद्धालुओं ने लिया संकल्प

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में अक्षय तृतीया के अवसर पर यमुना पक्का घाट पर रविवार शाम आयोजित भव्य यमुना महाआरती महोत्सव में आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण का अद्भुत संगम देखने को मिला। दीपों की रोशनी, पुष्प सज्जा, भगवा ध्वजों, वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच आयोजित महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आरती की पहली लौ के साथ ही यमुना तट का वातावरण भक्तिमय हो उठा। बनारस से आए आचार्यों ने वैदिक विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया।

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के वन, पर्यावरण, जंतु, उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री केपी मलिक तथा संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने सहभागिता की। दोनों मंत्रियों ने यमुना नदी को स्वच्छ और संरक्षित रखने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि नदियां देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं और उनकी रक्षा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनते हैं।

अक्षय तृतीया जैसे पावन पर्व पर लिया गया संकल्प स्थायी फलदायी होता है, इसलिए यमुना संरक्षण का यह संकल्प भी दूरगामी सिद्ध होगा। जिलाधिकारी अस्मिता लाल के नेतृत्व में आयोजित इस महोत्सव को जन-जागरूकता एवं जन-सहभागिता अभियान के रूप में विकसित किया गया। प्रशासन ने सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए थे। कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता यह रही कि श्रद्धालुओं ने केवल आरती में भाग नहीं लिया, बल्कि यमुना को स्वच्छ रखने, कूड़ा न फैलाने और जल संरक्षण का भी संकल्प लिया। घाट पर सफाई एवं श्रमदान गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत भजन, लोकगीत और नृत्य-नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन में 'जीरो वेस्ट' और प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था पर विशेष बल दिया गया। वेस्ट प्लास्टिक से तैयार 'नन्ही कली देसी डॉल' मॉडल भी आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी विनीत कुमार उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। 

ये भी पढ़ें : 

संबंधित समाचार