Bareilly: तपिश से चढ़ा पारा... मंडल के तीन जिलों में यलो अलर्ट, मंडल में बदायूं सबसे गर्म

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मंडल में तपिश बढ़ती जा रही है। रविवार को बदायूं 42.5 डिग्री तापमान के साथ मंडल में सबसे गर्म रहा। पीलीभीत में पारा 42.3 डिग्री दर्ज किया गया। बरेली में अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है। शाहजहांपुर में पारा 41.5 डिग्री पहुंचने के साथ ही मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। यानी अब रात में भी गर्मी सताएगी। मौसम विभाग के अनुसार आसमान साफ होने और शुष्क हवाओं के चलने से गर्मी का यह सितम अभी और गहरा सकता है।

नियमानुसार 42 डिग्री तापमान पहुंचने पर यलो अलर्ट घोषित किया जाता है, जिसे देखते हुए बदायूं और पीलीभीत पहले ही इसकी जद में थे। अब शाहजहांपुर में भी पारा 41.5 डिग्री सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक पहुंचने और भीषण गर्मी के पूर्वानुमान को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया गया है । इन जिलों में लू जैसी स्थिति बनी हुई है। आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में लू की स्थिति बनी रहेगी। 

जिसका सीधा असर बरेली मंडल के जिलों पर पड़ेगा। लोगों को धूप में निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बरेली में रविवार को सुबह से ही तेज धूप के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। हालांकि, मंडल के अन्य जिलों की तुलना में बरेली में तापमान थोड़ा कम रहा, लेकिन उमस और चिलचिलाती धूप ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया।

संबंधित समाचार