बरेली: 90 घंटे की छापेमारी में मिली बेहिसाब बेनामी संपत्ति, जेवर और नगदी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। हरसहायमल श्यामलाल ज्वैलर्स के घर और प्रतिष्ठान पर 90 घंटे की छापेमारी में बड़े पैमाने पर आयकर की चोरी पकड़ी गई है। करोड़ों की नगदी, जेवरात के साथ ही अरबों रुपये की कई बेनामी संपतियों के अभिलेख भी टीम के हाथ लग चुके हैं। कारोबारी अभी तक इसका कोई हिसाब नहीं दे …

अमृत विचार, बरेली। हरसहायमल श्यामलाल ज्वैलर्स के घर और प्रतिष्ठान पर 90 घंटे की छापेमारी में बड़े पैमाने पर आयकर की चोरी पकड़ी गई है। करोड़ों की नगदी, जेवरात के साथ ही अरबों रुपये की कई बेनामी संपतियों के अभिलेख भी टीम के हाथ लग चुके हैं। कारोबारी अभी तक इसका कोई हिसाब नहीं दे सका है। इस मामले में आयकर विभाग से जुड़े अफसर भले ही कोई बात खुलकर नहीं कह रहे और शासन को रिपोर्ट देने की बात कही जा रही है।

मगर, सूत्रों की मानें तो छापेमारी के दौरान टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर टीम ने कई ऐसे तथ्य भी जुटा लिए हैं, जिससे कारोबारी की मुश्किलें बढ़ना तय है। इस प्रकरण में अब शासन प्रशासन के निर्णय का इंतजार है, वहीं कुछ साफेदपोश इस पूरे मामले को दबाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। किसी तरह से इस मैनेज कराने का प्रयास किया जा रहा है। चर्चा तो यह भी है कि एक बड़े नेता इस मामले को मैनेज करने में जुट गए हैं।

यह है पूरा मामला

आयकर चोरी की आशंका पर बरेली, मुरादाबाद, बदायूं और लखनऊ में हरसहायमल श्यामलाल ज्वैलर्स के प्रतिष्ठानों पर लखनऊ से आई टीम ने सोमवार सुबह उस वक्त छापा मारा था जब सर्राफा कारोबारी परिवार के साथ नींद से जाग भी नहीं सका था। इसके बाद टीम कारोबारी को उसके सिविल लाइंस स्थित शोरूम ले गई थी।

यहां गार्ड के अलावा कर्मचारियों के मोबाइल जब्त कर लिए गए थे। इसके बाद से टीम शोरूम में मौजूद सोना,चांदी, हीरे, सिक्के, सोने के बिस्किट, नगदी के अलावा बेनामी संपतियों से जुड़े अभिलेख खंगालने में जुटी रही। गुरुवार को 80 घंटे की जांच पड़ताल के बाद टीम को सफलता मिलने की बात निकलकर सामने आई है। इधर, सूत्रों की मानें तो मशीनों से नोटों की गिनती का सिलसिला गुरुवार देर रात तक जारी रहा।

आखिरी दिन सोने की तौल, नोटों की गिनती रही जारी

सूत्रों की मानें तो टीम को जांच पड़ताल में बरेली स्थित कारोबारी की कोठी व शोरूम से करीब पांच करोड़ कैश, 17 किलो सोना, साढ़े आठ क्विंटल चांदी के अलावा बेनामी संपत्ति का पता चला है। नोटों की गिनती का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा है। इस मामले में शोरूम मालिक के अलावा उसके संबंधियों से भी टीम ने गहनता से पूछताछ की।

नगदी, सोना, चांदी की जांच कर उसकी गणना व तौल गुरुवार देर शाम तक जारी रहने की बात निकलकर सामने आई है। लखनऊ की टीम के साथ स्थानीय इनवेस्टिगेशन टीम के डिप्टी डायरेक्टर धीरज सिंह बघेल, आयकर निरीक्षक संचित जैन, हिमांशु यादव भी जांच पड़ताल में शामिल रहे। स्थानीय अफसरों का कहना है लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

सख्ती कायम रखी तो बढ़ेगी मुश्किल

चार दिन की कार्रवाई के हिसाब से माना जा रहा है अगर आयकर विभाग की सख्ती आगे भी कारोबारी पर जारी रही और शासन ने इस प्रकरण का गंभीरता से लिया तो सराफा कारोबारी पर शिकंजा कसना तय है। इधर, कारोबारी की डोहरा रोड स्थित कोठी व फार्म को लेकर भी आयकर की टीम ने सवाल किए। शोरूम के अलावा कारोबारी के कोठी से कई ऐसे दस्तावेज मिले, जिसका जवाब देने में सराफा काराबारी के पसीने छूट गये।

कई और बड़े कारोबारी भी निशाने पर

आयकर विभाग की छापेमारी से जिले में हड़कंप मचा है। वहीं, इससे उन बड़े कारोबारियों की नींद उड़ गई है जो स्थानीय अफसरों के रहमोकरम से बड़े पैमाने पर आयकर चोरी कर रहे हैं। उन्‍हें भी डर सता रहा है कि कहीं वे भी कार्रवाई की जद में न आ जाएं। इधर, सूत्रों की मानें तो कई क्विंटल चांदी के अलावा करोड़ों की नगदी व करीब 15 किलो सोना मिला है। जिसका हिसाब कारोबारी नहीं दे सका है।

विदेशों से आए सामान पर भी पूछताछ

सूत्रों के मुताबिक सराफा कारोबारी के यहां बड़े पैमाने पर सोने, चांदी के अलावा डायमंड का स्टाक मिला है। विदेशों से आया कई तरह का सोना मिलने की चर्चा भी है। सोना, चांदी, हीरे, सिक्के, बिस्किट की खरीद फरोख्त को लेकर कारोबारी से चौथे दिन भी टीम ने सवाल जवाब किए। इसके अलावा कोठी की सजावट को लेकर खरीदा गया सामान कहा-कहां से मंगाया गया और इनकी क्या कीमतें हैं। इसकी जानकारी ली। बेनामी संपत्ति से जुड़े तमाम अभिलेख आयकर टीम ने कब्जे में ले लिए हैं।

संबंधित समाचार