भदोही में आवारा कुत्तों के अटैक का 52 हॉटस्पॉट चिंहित, बच्चों-बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट, स्कूलों में तैनात होंगे नोडल शिक्षक
भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले 52 हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जहां आवारा कुत्ते बच्चों व राहगिरों पर हमला करते हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने बुधवार को बताया कि जिले में 52 हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए हैं जहां आवारा कुत्तों का अक्सर जमावड़ा लगा रहता है। आवारा कुत्तों से नौनिहालों को खतरा है। बच्चों और वृद्धों पर आए दिन आवारा और पालतू कुत्ते हमला कर रहे हैं।
इनपर नजर रखने के लिए नगर निकाय एवं पशु पालन विभाग से शिक्षा विभाग समन्वय स्थापित कर आवारा कुत्तों से बचाव के लिए कार्यवाही करेगा। उन्होंने बताया कि कुत्तों पर नजर रखने के लिए जिले के 885 परिषदीय विद्यालयों में एक-एक शिक्षक को नोडल बनाया गया है।
जो अस्पतालों, खेल परिसरों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों को आवारा कुत्तों से सुरक्षित करने के लिए कार्ययोजना पर कार्य करेंगे। बताया कि शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर कुत्तों के काटने की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं।
