प्रयागराज में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 25 लाख जुर्माना

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के लालापुर क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ बुधवार रात प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। खनन विभाग की छापेमारी में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर एक फर्म पर 25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि दूसरी फर्म का पट्टा निरस्त कर दिया गया। साथ ही चार एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। खनन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, लालापुर क्षेत्र में लगातार अवैध खनन और लाइसेंसधारकों द्वारा नियमों के उल्लंघन की शिकायतें मिल रही थीं। 

इसी के आधार पर खनन निरीक्षक वैभव सोनी के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न खनन क्षेत्रों में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एसडीएम बारा, सीओ बारा और थाना लालापुर पुलिस भी मौजूद रही। जांच में पट्टा खंड संख्या-6, जो तारा एंटरप्राइजेज के नाम पर था, में पट्टा क्षेत्र से बाहर खनन होते पाया गया। साथ ही यमुना नदी की जलधारा के भीतर भी खनन के साक्ष्य मिले। इस पर संबंधित फर्म पर लगभग 25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। 

वहीं पट्टा खंड संख्या-4, जो सहारा एग्री (रमेश निल्लुरी) के नाम पर था, में भी अवैध खनन सामने आया। इसके अलावा किस्त की धनराशि जमा न करने पर उसका पट्टा निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने अवैध खनन में इस्तेमाल हो रहे रास्तों पर भी कार्रवाई की। ग्राम पंडुआ, प्रतापपुर, भिलौरे, नौढ़िया तरहार, मझियारी और मानपुर में यमुना नदी की ओर बनाए गए अवैध मार्गों को जेसीबी से खुदवाकर बंद कराया गया। 

नदी किनारे डंप लाखों घनमीटर बालू को भी दोबारा यमुना नदी में डलवाया गया। अभियान के दौरान कई नामजद और अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ थाना लालापुर में चार एफआईआर दर्ज की गई हैं। खनन निरीक्षक वैभव सोनी ने कहा कि अवैध और अनियमित खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

संबंधित समाचार