Assembly Elections 2026: तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान शुरू, जानिए पीएम मोदी, खरगे ने जनता को क्या संदेश दिया?
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 सीटों के लिए गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया और शाम छह बजे तक चलेगा। राज्य में पहले चरण में होने वाले मतदान के लिए 16 जिलों की 152 सीटों के लिए 44,378 मतदान केन्द्र बनाये गये है। इन सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह से मतदाता अपने मताधिकार को इस्तेमाल करने के लिए पहुंचने शुरू हो गये हैं। इस चरण में मतदान में उत्तर बंगाल के आठ, दक्षिण बंगाल के तीन और जंगलमहल अंचल के पांच जिलों के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
पहले चरण में 152 सीटों के लिए मतदान
इन जिलों में पुरुलिया, बांकुरा, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना शामिल हैं। इसके अलावा कोलकाता और हावड़ा की कुछ सीटों पर भी इसी चरण में मतदान होगा।पहले चरण के मतदान पर जिन सीटों पर कड़ा मुकाबला माना जा रहा है उनमें नंदीग्राम, खड़गपुर, पुरुलिया, बांकुरा और झारग्राम सीटों शामिल हैं। राज्य में दूसरे चरण का चुनाव 29 अप्रैल को होगा, जिसमें 142 सीटों पर मतदान कराया जायेगा।
चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किये हैं और संवेदनशील इलाकों में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की सघन तैनाती की गयी है। पहले चरण में कुल 1,478 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण में मतदाताओं की कुल संख्या 3.60 करोड से अधिक है, जिनमें 1.84 करोड़ पुरुष, 1.74 करोड़ महिलाएं और 465 उभयलिंगी शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल में कुल 6.44 करोड़ मतदाता हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है तथा कांग्रेस और वामपंथी दल भी पुरजोर से अपनी ताकत आजमा रहे हैं। मतदान के बाद, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें सील करके मतगणना केंद्रों के 'स्ट्रॉन्ग रूम' में ले जाया जाएगा, जहाँ 24 घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। मतगणना चार मई को होगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किये जायेंगे।
तमिलनाडु विधानसभा मतदान
तमिलनाडु विधानसभा की सभी 234 सीटों पर गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया और शाम छह बजे तक चलेगा। राज्य में सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह से मतदाता अपने मताधिकार को इस्तेमाल करने के लिए पहुंचने शुरू हो गये हैं। चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किये हैं। राज्य भर में कुल 75,032 मतदान केंद्र बनाए गये हैं। इनमें से 5,938 केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इन केंद्रों की विशेष निगरानी की जा रही है। मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की लगभग 300 कंपनियों को भी लगाया गया है और उन्हें पूरे राज्य भर में विभिन्न मतदान केंद्रों पर तैनात किया गया है। कुल मिलाकर सुरक्षा व्यवस्था के तहत राज्य के लगभग 1.50 लाख सुरक्षा कर्मी तैनात किए गये हैं। इनमें 1.18 लाख नियमित पुलिसकर्मी, तथा 20,000 कर्मी रैपिड एक्शन फोर्स, होम गार्ड, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी शामिल हैं।
राज्य में कुल 4,023 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत अजमाने उतरे हैं, जिनमें 443 महिला उम्मीदवार हैं। राज्य में 5.67 करोड़ मतदाताओं में से 2.70 करोड़ से अधिक पुरुष, 2.89 करोड़ महिलाएं और 7,728 उभयलिंगी मतदाता हैं। राज्य में 18-19 आयु वर्ग में कुल 12.51 लाख तथा 20-29 आयु वर्ग में 1.05 करोड़ मतदाता हैं।
मतदान के बाद, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें सील करके मतगणना केंद्रों के 'स्ट्रॉन्ग रूम' में ले जाया जाएगा, जहाँ 24 घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। तमिलनाडु में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ द्रविड़ मनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाले गठबंधन और उसके मुख्य प्रतिद्वंदी अन्नाद्रमुक-भारतीय जनता पार्टी गठबंधन के बीच है। इस बार अभिनय की दुनिया से राजनीति के अखाड़े में उतरे अभिनेता सी जोसफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम ने कुछ सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है। मतगणना चार मई को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किये जायेंगे
प्रधानमंत्री मोदी ने विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतदान की अपील
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के पहले चरण में मतदान शुरू होने के बाद सोशल मीडिया पर नागरिकों से बड़ी संख्या में बाहर निकलकर मतदान करने की अपील की। राज्य में चुनाव के पहले चरण में आज 16 जिलों में 152 विधानसभा सीटों पर मतदान चल रहा है। मोदी ने पश्चिम बंगाल पर केंद्रित अपने संदेश में लिखा, "आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों का पहला चरण हो रहा है। मैं सभी नागरिकों से आग्रह करता हूं कि वे पूरी ताकत के साथ लोकतंत्र के इस उत्सव में भाग लें।मैं विशेष रूप से अपने युवा दोस्तों और पश्चिम बंगाल की महिलाओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील करता हूं।"
प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के मतदाताओं को संबोधित करते हुए एक अलग पोस्ट में कहा, "जैसे ही तमिलनाडु के लोग विधानसभा चुनावों में मतदान करने की तैयारी कर रहे हैं, मैं सभी मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि वे इस पवित्र लोकतांत्रिक कर्तव्य को बड़े उत्साह के साथ पूरा करें। विशेष रूप से, मैं तमिलनाडु के युवाओं और महिलाओं से बड़ी संख्या में बाहर निकलने और रिकॉर्ड मतदान का मार्ग प्रशस्त करने का आह्वान करता हूं।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल में सामाजिक न्याय और विकास के लिए मतदान की अपील
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के लोगों से विधानसभा चुनाव में सामाजिक न्याय, समता और विकास के लिए मतदान की अपील की। कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि आज लड़ाई संघवाद, तर्कसंगतता, समानता, न्याय और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए है। तमिलनाडु में बृहस्पतिवार को सभी 234 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी है।
पश्चिम बंगाल में 294 सीटों में से पहले चरण में 152 सीटों के लिए मतदान हो रहा है, शेष सीटों के लिए 29 अप्रैल को मतदान होना है। दोनों राज्यों में मतगणना चार मई को होगी खरगे ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''तमिलनाडु के प्रिय भाइयों और बहनों, आज की लड़ाई आपके अधिकारों को सुरक्षित करने की है। यह लड़ाई संघवाद, तर्कसंगतता, समानता, न्याय और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए है।''
उन्होंने कहा कि यह समावेशी कल्याण सुनिश्चित करने और सामाजिक न्याय के आदर्शों को बनाए रखने की भी लड़ाई है। उन्होंने कहा, "अब समय आ गया है कि आप अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग करें और उन लोगों के खिलाफ खड़े हों जो आपके संघीय अधिकारों को छीनना चाहते हैं। " कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "मैं विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं से बड़ी संख्या में बाहर आने और तमिलनाडु के भविष्य के लिए मतदान करने का आग्रह करता हूं।"
खरगे ने बंगाल चुनाव को लेकर अपने पोस्ट में कहा, ''जैसा कि आज पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान हो रहा है, मैं ईमानदारी से सभी नागरिकों से बाहर निकलने और बड़ी संख्या में मतदान में भाग लेने का आग्रह करता हूं। उन ताकतों से डरें नहीं जो आपको हतोत्साहित करना चाहती हैं। आपका वोट आपकी आवाज़ है, और इसे ज़ोर से सुना जाना चाहिए।"
उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि संविधान के दिखाए रास्ते पर चलें और लोकतंत्र की भावना को कायम रखें। खरगे ने कहा, ''पश्चिम बंगाल उन महान नेताओं की गौरवशाली भूमि है जो लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, समानता और स्वतंत्रता के लिए खड़े रहे। हमें यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता है कि वे आदर्श अक्षुण्ण रहें।'' उन्होंने कहा, ''मैं पहली बार के युवा मतदाताओं से विशेष अपील करता हूं कि वे दृढ़ विश्वास के साथ अपने अधिकार का उपयोग करें और यह सुनिश्चित करने में मदद करें कि सच्चा विकास राज्य के हर कोने तक पहुंचे।
