UP:बीडीओ पर उत्पीड़न का आरोप, सचिव ने कार्यालय में आत्मदाह का किया प्रयास
शाहबाद, अमृत विचार। शाहबाद ब्लॉक परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राम पंचायत सचिव ने खंड विकास अधिकारी पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए उनके कार्यालय में ही आत्मदाह का प्रयास लिया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह स्थिति संभाली और बड़ी अनहोनी टल गई।
शाहबाद ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत सचिव पवन सागर ने बीडीओ धीरेंद्र पाल सिंह चौहान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सचिव का कहना है कि जब वह पहले मिलक ब्लॉक में तैनात थे। तब भी बीडीओ द्वारा उन्हें व्यक्तिगत रूप से प्रताड़ित किया जाता था। बाद में बीडीओ का तबादला शाहबाद हो गया और संयोगवश सचिव का भी स्थानांतरण यहां हो गया। जिसके बाद फिर से उत्पीड़न शुरू हो गया। सचिव ने आरोप लगाया कि खिरका गांव में खराब सड़क की शिकायत का बीडीओ द्वारा फर्जी निस्तारण कर दिया गया।
इसके बाद आवास योजना की जांच में कथित लापरवाही का हवाला देते हुए उनके खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि तैयार कर ली गई। जिसे रंजिशन बाद में भेजा गया। सचिव ने यह भी आरोप लगाया कि वह दलित समाज से आते हैं और इसी आधार पर भी उन्हें प्रताड़ित किया गया। लगातार हो रहे उत्पीड़न से परेशान होकर बुधवार को उन्होंने बीडीओ कार्यालय में पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने की कोशिश की। समय रहते कर्मचारियों ने उन्हें रोक लिया। घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई।
सचिव पवन सागर द्वारा कार्यों में लापरवाही बरतने पर प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की गई थी। वह उसे लेकर कार्यालय में आए और गलत व्यवहार करने लगे। इसलिए हरकत से इन्होंने हम पर दवाब बनाने की कोशिश की, जिससे कि हम इनसे कोई काम न कराएं। मामले में उच्च अधिकारियों कों अवगत करा दिया गया है। उनके दिशा निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। - धीरेन्द्र पाल सिंह चौहान, खंड विकास अधिकारी शाहबाद
