बरेली: विदेश से लौटे 23 लोग, स्वास्थ्य विभाग ने किया चिह्नित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। ब्रिटेन में संक्रमण की दूसरी संक्रमण लहर को लेकर जिले में भी स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। विदेशों से आने वाले यात्रियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने नई गाइडलाइन जारी की। गाइडलाइन जारी होने के बाद गुरुवार को विभाग ने जिले में 23 ऐसे लोगों को चिह्नित किए जो हाल …

अमृत विचार, बरेली। ब्रिटेन में संक्रमण की दूसरी संक्रमण लहर को लेकर जिले में भी स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। विदेशों से आने वाले यात्रियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने नई गाइडलाइन जारी की। गाइडलाइन जारी होने के बाद गुरुवार को विभाग ने जिले में 23 ऐसे लोगों को चिह्नित किए जो हाल ही में विदेश से लौटे हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे ही तीन लोग ट्रेस किये गए थे। इसके बाद सुबह तक विदेश से लौटे लोगों की संख्या बढ़ती गई। इनमें से नौ लोग 300 बेड अस्पताल में जांच कराने के लिए पहुंचे। सभी की एंटीजन और फिर आरटी-पीसीआर जांच हुई। एंटीजन जांच में कोई कोरोना संक्रमित नहीं मिला। अब सभी की आरटी-पीसीआर जांच का इंतजार किया जा रहा है।

जिला सर्विलांस अधिकारी डा. रंजन गौतम ने बताया कि यूरोपीय देश और यूनाइटेड किंगडम से लौटने वाले लोगों पर 28 दिन तक निगरानी के आदेश दिए हैं। साथ ही विदेश से लौटे यात्रियों के साथ ही उनके परिजनों की भी कोरोना की जांच कराई जाएगी। इस दौरान परिजनों में संक्रमण के लक्षण दिखते हैं तो आरटी-पीसीआर जांच होगी। रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि होने पर स्थितिवार कोविड अस्पतालों या होम आइसोलेट किया जाएगा।

31 दिसंबर तक वैक्सीनेशन को लेकर स्वास्थ्य विभाग बनाएगा माइक्रो प्लान

जनवरी के आखिर या फरवरी तक वैक्सीन आने की उम्मीद है जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग सारी तैयारियों में जुड़ गया है। शासन के आदेशानुसार जिले में वैक्सीनेशन चार चरणों में होगा, पहले चरण में 25 हजार से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। वैक्सीन रखने के लिए कोल्ड स्टोर बनाया जा रहा है।

चार रेफ्रिजरेटर भी शासन ने भेज दिए हैं। इसी क्रम में अब एक विशेष टीम भी गठित हो रही है जो वैक्सीनेशन के बाद स्वास्थ्यकर्मियों पर रिएक्शन की निगरानी करेगी। जिनको भी वैक्सीन लगेगी उनकी सेहत की कई दिनों तक निगरानी करना और अगर कोई परेशानी आती है तो तत्काल उसे चिकित्सा सुविधा मुहैया कराना टीम की जिम्मेदारी होगी।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि गुरुवार को विकास भवन में जिला अधिकारी नितीश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों को लेकर बैठक की। बैठक में 31 दिसंबर तक वैक्सीनेशन के लिए माइक्रो प्लान बनाने के निर्देश दिए हैं।

 

संबंधित समाचार