Bareilly:इज्जतनगर रेलवे अस्पताल होगा हाईटेक, 51 लाख के लगेंगे उपकरण
बरेली, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल स्थित मंडल रेलवे चिकित्सालय में अब स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। शुक्रवार को इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन (आईआरएफसी) और मंडल चिकित्सालय के बीच एक महत्वपूर्ण सहमति (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए हैं। इसके तहत अस्पताल को अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
एमओयू में रेलवे की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यूएस नाग और आईआरएफसी की ओर से अपर महाप्रबंधक (वित्त) नव गोयल मौजूद रहे। इस समझौते के तहत आईआरएफसी की तरफ से लगभग 51.29 लाख रुपये की लागत से चार आधुनिक उपकरण वाईएजी लेजर मशीन, दो ऑपरेशन थिएटर टेबल और एबीएस एसडी थ्री-इन-वन लिपो पावर पीएएल मशीन के लिए वित्तीय सहयोग दिया जाएगा। अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि इन उपकरणों से मरीजों को कई जटिल उपचार स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगे। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यूएस नाग ने इसे रेलवे कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए बड़ी राहत बताया।
