10 जिलों में 1270 करोड़ से बनेंगी 15 परियोजनाएंः बिल्डर निर्मित करेंगे 3102 आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयां, लिस्ट में ये जिले शामिल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

रेरा ने लखनऊ, मुरादाबाद, गाजियाबाद, बदायूं आदि को दी मंजूरी

लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ, मुरादाबाद, मेरठ, बदायूं, गाजियाबाद, वाराणसी, प्रयागराज, मुज्जफरनगर, गौतमबुद्ध नगर व गोरखपुर में 3,102 आवासीय, व्यावसायिक एवं मिश्रित इकाइयां विकसित की जाएंगी। बिल्डर परियोजनाओं पर 1270 करोड़ रुपये से अधिक निवेश करेंगे। शनिवार को लखनऊ मुख्यालय में अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी की अध्यक्षता में आयोजित 201वीं प्राधिकरण की बैठक में 15 परियोजनाएं स्वीकृत की गईं। विकसित इकाइयाें में भूखंड, विला, फ्लैट, कॉलोनी, दुकान, कॉम्पलेक्स आदि खरीदारों को राहत मिलेगी।

निवेश के मामले में गौतमबुद्ध नगर अग्रणी रहा। 507.77 करोड़ लागत की दो परियोजना में 380 आवासीय व 169 व्यावसायिक इकाइयां निर्मित की जाएंगी। लखनऊ में सबसे अधिक चार परियोजनाओं को स्वीकृति मिली। बिल्डरों द्वारा 90.77 करोड़ से 330 आवासीय व 348 व्यावसायिक इकाइयां विकसित की जाएंगी। इससे राजधानी में आवासीय व व्यावसायिक ढांचा और मजबूत होगा।

मुरादाबाद में 335.77 करोड़ लागत की एक व्यावसायिक परियोजना में 627 आवासीय इकाइयां, बदायूं में 72 करोड़ की एक आवासीय परियोजना में 226 आवासीय इकाइयां, वाराणसी में 36.68 करोड़ लागत की एक आवासीय परियोजना में 98 आवासीय इकाइयां, मेरठ में 20.25 करोड़ लागत की एक आवासीय परियोजना में 76 आवासीय इकाइयां विकसित करने को मंजूरी दी गई। इसी तरह प्रयागराज में 31.19 करोड़ की एक आवासीय परियोजना में 99 आवासीय इकाइयां, मुजफ्फरनगर में 12.37 करोड़ की एक आवासीय परियोजना में 127 आवासीय इकाइयां, गाजियाबाद में 122.18 करोड़ की एक व्यावसायिक परियोजना में 330 व्यावसायिक इकाइयाें के साथ गोरखपुर में 41.50 करोड़ लागत की एक व्यावसायिक परियोजना में 292 व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण करने की स्वीकृति दी गई।

संबंधित समाचार