Bareilly: कहीं प्रेमी छलिया निकले, कहीं पीछे पड़े गुंडे, सख्ती के बावजूद वूमन क्राइम की बाढ़

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। यूपी में सरकार और पुलिस की सख्ती के बाद भी महिलाओं और बेटियों के साथ अपराधिक घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही। छेड़खानी, धमकी, मारपीट के मामले बरेली में लगातार सामने आ रहे हैं। प्यार और शादी के नाम पर शोषण का शिकार हुई युवतियां भी न्याय के लिए कानून के दरवाजे पर दस्तक दे रही हैं।

प्रेमी ने छला, युवती ने खाया जहरीला पदार्थ
युवती ने बताया कि करीब तीन साल पहले उसकी मुलाकात आरोपी युवक से हुई थी, जो उसके पड़ोस में किराए पर रहता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर उसे भरोसे में लिया और कई बार होटलों में ले जाकर जबरन संबंध बनाए।

युवती का कहना है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और रिश्ता तय कर 15 अप्रैल की तारीख भी तय की गई। लेकिन 13 अप्रैल को वह अचानक शादी से मुकर गया। इसके बाद उसने कथित तौर पर अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। विरोध करने पर पीड़िता और उसकी मां को फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दी गईं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे आत्महत्या के लिए उकसाया और अपने भाई के जरिए जहर भिजवाया। उसके खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

त्रिशूल तिराहे पर मनचले की हरकत, गिरफ्तार
शुक्रवार की रात करीब 10:40 बजे थाना इज्जतनगर पुलिस की टीम एंटी रोमियो चेकिंग के दौरान त्रिशूल तिराहे के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि एक युवक सड़क किनारे खड़े होकर महिलाओं को घूर रहा है और उन पर फब्तियां कस रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि एक युवक पेड़ के पास खड़ा होकर गुजर रही महिला पर टिप्पणी कर रहा था। महिला ने असहज होकर वहां से किनारा कर लिया। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह तेज कदमों से भागने लगा। घेराबंदी कर करीब 100 मीटर आगे उसे दबोच लिया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम आदिल अंसारी (28 ) निवासी बिधौलिया, थाना सीबीगंज बताया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

रात में घर में घुसकर छेड़खानी का आरोप
सुभाषनगर थाना क्षेत्र के करगैना स्थित सब्जी बाजार के पास रहने वाली युवती ने बताया कि, 23 अप्रैल की रात करीब 11 बजे वह अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान उसके साथ कपड़ों की दुकान में काम करने वाला युवक, जो राजेंद्र नगर का निवासी है, घर में घुस आया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। शोर मचाने पर उसकी मां और बहन की नींद खुल गई और उन्होंने मौके पर पहुंचकर उसे आरोपी से छुड़ाया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने सुभाषनगर पुलिस से मामले की शिकायत की है।

संबंधित समाचार