बाराबंकी : 63 किलो पोस्ता तृण के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी,अमृत विचार। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स थाना बाराबंकी की टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 163.231 किलोग्राम पोस्ता तृण बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 32 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही।
गिरफ्तार आरोपियों में सुमित वर्मा, मोहम्मद रफी और शिवकुमार वर्मा शामिल हैं, जो थाना जैदपुर क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस ने इनके पास से एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2,310 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। यह कार्रवाई 27 अप्रैल को ग्राम मचौची थाना जैदपुर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान के पीछे बनी झोपड़ी से की गई। इस संबंध में थाना जैदपुर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले तीन वर्षों से अधिक पैसा कमाने के लालच में मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे और यह माल गांव के ही एक अन्य व्यक्ति द्वारा लाकर रखा गया था। पुलिस अब इस मामले में आगे और पीछे के नेटवर्क की जांच कर अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है। पूरी कार्रवाई को एएनटीएफ बाराबंकी टीम ने उच्च अधिकारियों के निर्देशन में अंजाम दिया, जिसमें थाना जैदपुर पुलिस का भी सहयोग रहा।

संबंधित समाचार