Bareilly: बरेली से होकर गुजरेगी चंडीगढ़-हावड़ा स्पेशल एक्सप्रेस
बरेली, अमृत विचार। ग्रीष्मकालीन भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए चंडीगढ़-हावड़ा के बीच एक विशेष आरक्षित एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन संख्या 04516/04515 के रूप में एक-एक फेरे के लिए संचालित होगी। 04516 चंडीगढ़ से 25 अप्रैल को रवाना होगी, जबकि 04515 हावड़ा से 27 अप्रैल को चलेगी। ट्रेन में स्लीपर और जनरल कोच लगाए जाएंगे।
बरेली के यात्रियों के लिए यह ट्रेन खास राहत लेकर आई है। चंडीगढ़ से चलने वाली 04516 स्पेशल एक्सप्रेस बरेली स्टेशन पर सुबह 7:50 बजे पहुंचेगी और 7:52 बजे रवाना होगी। वहीं वापसी में 04515 हावड़ा-चंडीगढ़ स्पेशल बरेली सुबह 9:23 बजे पहुंचेगी और 9:25 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन मुरादाबाद, सहारनपुर, वाराणसी और गया जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
इससे बरेली क्षेत्र के यात्रियों को पूर्वी भारत, खासकर हावड़ा जाने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक महेश यादव ने बताया कि यह स्पेशल ट्रेन गर्मी के मौसम में बढ़ती भीड़ को कम करने और यात्रियों को सुगम यात्रा सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले समय सारिणी की जानकारी अवश्य जांच लें।
