फिल्मी स्टाइल में चोरी:सुरंग बनाकर गोदाम में घुसे चोर, 28 लाख के कॉपर स्क्रैप पर किया हाथ साफ

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। सीबीगंज क्षेत्र में सुरंग बनाकर गोदाम में घुसे चोर 28 लाख रुपये का स्क्रैप चोरी कर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच कर गोदाम मालिक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस में भटनागर कॉलोनी निवासी शिवानी जैन ने बताया कि वह पदमावती एसोसिएट की मालिक है। उनकी फर्म विभिन्न विभागों द्वारा अप्रयोग की गई सामग्री को नीलामी में खरीदती है। इस सामान को रखने के लिए फर्म ने सीबीगंज क्षेत्र के महेशपुरा में 1500 गज में एक गोदाम बनाया है। 28 अप्रैल को उनके पति पंकज जैन गोदाम का निरीक्षण करने गए थे। उन्होंने देखा कि पिछली दीवार के पास गड्डा खोदकर सुरंग बनाकर अंदर घुसे चोर कॉपर स्क्रैप चोरी कर ले गए। पंकज जैन के अनुसार चोर 28 लाख रुपये का करीब 2 टन स्क्रैप ले गए। उनकी सूचना पर पुलिस ने गोदाम में जाकर जांच की।
इंसेट

चार माह पहले भी हुई थी चोरी
गोदाम में चार माह पहले भी चोर लाखों रुपये का सामान चोरी करके ले गए थे। संजय जैन ने बताया के गोदाम में 10 जनवरी को भी चोरी हुई थी। चोर 10 से 12 लख रुपए का कॉपर और पीतल का स्क्रैप चोरी कर ले गए थे। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज देकर मुकदमा दर्ज कराया मगर पुलिस ने मामले में गंभीरता नहीं दिखाई जिसके चलते चोरों ने दोबारा इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया।

बंद घर में लाखों की चोरी
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के महानगर कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश राय ने बताया कि 31 जनवरी को वह बेंगलुरू में अपनी बेटी के पास पत्नी के साथ गया था। 16 अप्रैल को वापस लौटा तो देखा कि घर के किचन में लगे एग्जास्ट फैन के रास्ते से घुसे चेार चांदी के सिक्के, चांदी के बर्तन, जेवर के अलावा एक मोबाइल चोरी कर ले गए। पीड़ित की तहरीर पर इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चोरियों का नहीं हो सका खुलासा
सीबीगंज क्षेत्र में लगातार चोरी से लोगों में दहशत का माहौल है। 6 माह में थाना क्षेत्र में हुई दर्जन भर से अधिक चोरी व छिनौती की घटनाओं को पुलिस अभी तक नही खोल सकी है। कुछ घटनाओं में चोरों की तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हो गईं फिर भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर सकी।

संबंधित समाचार