Moradabaad : बारिश से मौसम सुहाना, बदलते तापमान से बढ़ी बीमारियों की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सुबह हुई बारिश से मिली राहत, दिन में धूप निकलने से उमस बढ़ी

मुरादाबाद, अमृत विचार। हल्की बारिश के चलते मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। सुबह करीब 10:30 बजे के बाद सूर्यदेव बादलों की ओट से बाहर निकले। बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम में इस तरह के बदलाव का असर सबसे पहले लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। डॉक्टरों के अनुसार सुबह ठंड और दिन में गर्मी होने से सर्दी-जुकाम, खांसी और वायरल बुखार के मरीज बढ़ सकते हैं। बारिश के बाद बढ़ी उमस के कारण बैक्टीरिया और वायरस तेजी से फैलते हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। जनरल फिजिशियन डॉ. आशीष कुमार सिंह का कहना है कि इस मौसम में बच्चों और बुजुर्गों को खास सावधानी बरतनी चाहिए। गीले कपड़ों में रहने या बारिश में भीगने से बीमार होने की संभावना बढ़ जाती है। इसके अलावा, पानी जमा होने से मच्छर पनपने का खतरा भी बढ़ जाता है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियां फैल सकती हैं। बताया कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को सलाह भी दी जा रही है कि साफ-सफाई का ध्यान रखें और बाहर का खाना खाने से बचें। साथ ही, ज्यादा से ज्यादा पानी पीते रहें और जरूरत पड़ने पर चिकित्सक से संपर्क करें। बारिश से जहां मौसम में राहत आई है, वहीं बदलते तापमान के कारण स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहना जरूरी है।

बचाव के लिए क्या बरतें सावधानी
- बारिश में भीगने से बचें, भीग जाएं तो तुरंत कपड़े बदलें
- उबला या साफ पानी ही पिएं
- बाहर का कटे-फटे या खुले में रखा भोजन न खाएं
- घर और आसपास पानी जमा न होने दें
- बच्चों और बुजुर्गों को मौसम के अनुसार कपड़े पहनाएं
- सर्दी, खांसी या बुखार होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें

संबंधित समाचार