भारत की यात्रा पर आएंगे Lavrov, ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे रूसी विदेशमंत्री
मॉस्को। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव अगले महीने दिल्ली में आयोजित होने वाली ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत की यात्रा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि 14-15 मई को अपनी यात्रा के दौरान लावरोव भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे।
उन्होंने कहा, '' दो दिवसीय भारत यात्रा के दौरान रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव नयी दिल्ली में ब्रिक्स के विदेश मंत्रियों की पूर्ण-प्रारूप बैठक में हिस्सा लेंगे।''
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी 'तास' ने जखारोवा के हवाले से बताया कि भारत की अध्यक्षता में होने वाली यह बैठक मौजूदा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों और वैश्विक शासन को मजबूत करने की संभावनाओं पर सार्थक चर्चा के लिए एक मूल्यवान मंच प्रदान करेगी, विशेष रूप से दुनिया के बहुमत का प्रतिनिधित्व करने वाले देशों के बीच।
उन्होंने आगे कहा, ''इस साल सितंबर में नयी दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों के मद्देनजर रणनीतिक साझेदारियों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।''
ज़खारोवा ने बताया कि ब्रिक्स सहयोगी देशों के विदेश मंत्री बैठक के दौरान कई सत्रों में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि लावरोव की नयी दिल्ली यात्रा के दौरान, उनका (लावरोव का) भारतीय समकक्ष के साथ वार्ता सहित एक पूर्ण प्रारूप का द्विपक्षीय कार्यक्रम भी निर्धारित है।
जखारोवा ने कहा, ''उम्मीद है कि चर्चा में द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं को शामिल किया जाएगा, जिसमें उच्चतम, उच्च और कार्यकारी स्तरों पर आगामी मुलाकातों का कार्यक्रम भी शामिल है। व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग पर अंतर-सरकारी रूसी-भारतीय आयोग की बैठकों की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, पारस्परिक रूप से लाभकारी सभी एजेंडा की समीक्षा की जाएगी।
