अंधेरे में 150 गांव : आंधी ने जमींदोज किए 200 खंभे, 50 ट्रांसफार्मर

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

पूराबाजार क्षेत्र में आठ ट्रांसफार्मर व 50 खंभे धराशायी, 50 हजार लोग प्रभावित

अयोध्या, अमृत विचार : भीषण गर्मी के बीच बुधवार दोपहर बाद आई आंधी पानी ने पॉवर कॉर्पोरेशन को बड़ी क्षति पहुंचाई है। आंधी की चपेट में आकर जिले भर में 200 से अधिक बिजली के पोल और 50 से ज्यादा ट्रांसफार्मर जमींदोज हो गए। वहीं 56 किलोमीटर के करीब तार टूट गए। इसके चलते पूराबाजार, हैदरगंज, तारुन, मिल्कीपुर समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति संकट खड़ा हो गया है। पॉवर कॉर्पोरेशन के वितरण अनुभाग की सूचना के अनुसार 150 गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसे सुचारू करने के लिए गुरुवार सुबह से प्रयास किए जा रहे हैं, शाम पांच बजे खबर लिखे जाने तक प्रभावित क्षेत्रों में विघुत आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी है। नए खंभे और ट्रांसफार्मर स्थापित कर आपूर्ति सुचारू करने में शुक्रवार तक का समय लगने की संभावना है।

पूराबाजार क्षेत्र में बुधवार को दोपहर बाद आई तेज आंधी से विद्युत उपकेंद्र रसूलाबाद क्षेत्र में आठ ट्रांसफार्मर और 50 खम्भे टूट कर गिर जाने के 22 घंटे से 50 हजार लोग अंधेरे में है। लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रसूलाबाद विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत नरायनपुर, बिल्हारघाट,गगौली, रसूलाबाद,कुम्हिया सहित पांच फीडर में 100 गांव है। आंधी के चलते शांतिपुर गांव के पास पेड़ गिरने से पोल टूट कर गिर गया, जिससे ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गया। कर्मा चौराहे पर पोल टूट कर गिरा व ट्रांसफार्मर जमीन पर गिर गया। प्राथमिक विद्यालय पलिया रिसाली के पास 11000 वोल्ट लाइन गिर जाने से बगल स्थित तार के साथ ट्रांसफार्मर भी टूट कर लटक गया है।

इसी तरह बिल्हार घाट फीडर के अंतर्गत गोपालपुर गांव में राजाराम वर्मा और शिवमंगल गुप्ता के खेत के पास 11000 की लाइन का पोल टूट कर गिर गया है। कछौली, लक्ष्मीदासपुर, रामपुर सरधा, शान्तिपुर, अंजना,भावानीपुर, पुरखेपुर,ऐमीआलापुर, सरायचैमल सहित कई गांव में तेज आंधी से पेड़ की डाल टूट कर गिरने से विद्युत पोल टूट कर गिर पड़े हैं। जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित है।

विद्युत उपकेंद्र रसूलाबाद के अवर अभियंता अरविंद प्रजापति ने बताया कि तेज आंधी के चलते करीब 50 विद्युत के पोल टूट गये हैं, छह से अधिक ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गये। उन्होंने बताया कि दर्शन नगर से रसूलाबाद उप केंद्र को आने वाली 33000 लाइन के तार भी टूट गए थे। जिसे ठीक कराया गया है। बाकी खराब लाइन भी ठीक कराई जा रही है।दुरुस्त होते ही विद्युत आपूर्ति चालू कर दी जाएगी।

आंधी के चलते हैदरगंज क्षेत्र भी प्रभावित

हल्की बूंदाबांदी के बीच शुरू हुई तेज आंधी के चलते पोल टूट कर जमीन पर गिरे और सभी फीडरों की बिजली गुल हो गई। जिससे यहां के उपभोक्ताओं के सामने विद्युत आपूर्ति का संकट खड़ा हो गया है। विद्युत उपकेंद्र केलालाल खां के हैदरगंज, खपराडीह, तारुन, भीटी व नंसा फीडरों से बिजली सप्लाई के लिए लगभग 50 हजार की आबादी निर्भर है। 24 घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी यहां के उपभोक्ताओं के लिए संचालित एक भी फीडर से विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सका है। लाइनमैन का कहना है कि सैकड़ों की संख्या में पोल टूट कर जमीन पर गिरे हुए हैं। विभाग से जब खंभे आएंगे, तब विद्युत सप्लाई बहाल होगी। इस संबंध में जेई डीसी भारती से जानकारी करना चाहा तो उनके सीयूजी नंबर से संपर्क नहीं हो सका।

बिजली व्यवस्था ध्वस्त, बहाली के लिए काम जारी

मिल्कीपुर : क्षेत्र में आई आंधी ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह से चरमरा दिया है। मिल्कीपुर ब्लॉक में लगभग 50 विद्युत पोल टूटकर गिर गए हैं, जबकि हैरिंग्टनगंज ब्लॉक में करीब 100 पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा क्षेत्र में करीब 20 ट्रांसफार्मर जलकर या गिर खराब हो चुके हैं। 11 हजार केवी की मुख्य विद्युत लाइनें कई स्थानों पर टूट गई हैं, जिससे आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। हैरिंग्टनगंज क्षेत्र में 33 हजार केवी लाइन पर एक विशाल आम का पेड़ गिर जाने से पांच पोल पूरी तरह ध्वस्त हो गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। इसी तरह से अमानीगंज ब्लॉक क्षेत्र में भी काफी विद्युत पोल टूटे हैं। कई लाइनों पर पेड़ गिरने से लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई है। जिनका मरम्मत कार्य जारी है। मिल्कीपुर एसडीओ अमित कुमार के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर मुख्य लाइनों को दुरुस्त कर चरणबद्ध तरीके से आपूर्ति बहाल की जा रही है।

वर्जन -

कई इलाकों में आंधी के कारण भारी नुकसान हुआ है। सभी एसडीओ को क्षेत्रों में आपूर्ति शीघ्र सुचारू करने के लिए लगाया गया है। उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील है। शीघ्र ही प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति सुचारू की जायेगी।-बृजेश कुमार,मुख्य अभियंता वितरण।

संबंधित समाचार