आईसीएसई और आईएससी परीक्षा परिणाम : 10वीं में वैवस्वत, शिवम व 12वीं में छवि, ओसीन, संस्कृति, जैनब टॉपर

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने गुरुवार को हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परिणाम घोषित किए। 10वीं में (आईसीएसई) वैवस्वत नारायण दुबे व शिवम अवस्थी ने 99.80 फीसद अंक और 12वीं (आईएससी) में ओसीन अग्रवाल, छवि मिश्रा, जैनब फातिमा व संस्कृति चंदेल ने 99.75 फीसद अंक पाकर टॉपर सूची में नाम दर्ज करा लिया है।

जिले के अधिकांश छात्र-छात्राओं ने 99 फीसद तक अंक हासिल किए। सीएमएस और एलपीसी के छात्र-छात्राओं का दबदबा रहा। विद्यालय व घरों में ढोल-नगाड़ा के साथ खुशी मनाई गई। अध्यापकों व परिजनों ने मुंह मीठा कराकर शुभकामनाएं दी।

10वीं में सीएमएस शाखा-1 गोमती नगर के छात्र वैवस्वत नारायण दुबे और लखनऊ पब्लिक स्कूल राजाजीपुरम के शिवम अवस्थी ने सबसे अधिक 99.80 फीसद अंक हासिल कर टॉप किया है। इनके साथ सीएमएस अशरफाबाद की छात्रा जहरा फातिमा ने 99.60 फीसद अंक, एलपीसी सहारा स्टेट जानकीपुरम् के शावीर प्रकाश श्रीवास्तव व सेंट फ्रांसिस स्कूल गोमती नगर के आदित्य पाठक ने 99 फीसद, एलपीसी राजाजीपुरम् के वैभवी दीक्षित व इसी विद्यालय के छात्र ईशानी सिंह ने 98 फीसद अंक हासिल किए हैं।

12वीं में भी सीएमएस महानगर की छात्रा ओसीन अग्रवाल, सीएमएस कानपुर रोड की छात्रा छवि मिश्रा, सीएमएस अलीगंज की छात्रा जैनब फातिमा व सीएमएस गोमती नगर शाखा-1 की छात्रा संस्कृति चंदेल ने 99.75 फीसद अंक हासिल किए। इनके अलावा सेंट जोसेफ कॉलेज सीतापुर रोड के छात्र प्रखर सिंह, एलपीसी राजाजीपुरम् की छात्रा इकरा आलम व इसी विद्यालय की समृद्धि द्विवेदी ने 99.25 फीसद अंक पाए। इनके अलावा एलपीसी राजाजीपुरम् की छात्रा जूही चौधरी ने 99 फीसद, एलपीसी सहारा स्टेट जानकीपुरम् की कृतिका बिष्ट ने 98.25 फीसद, सीएमएस गोमती नगर की छात्रा ओमिशा त्रिपाठी ने 98.25 फीसद व सेंट फ्रांसिस स्कूल गोमती नगर के मयंक शुक्ला ने 97.50 फीसद अंक पाए।

संबंधित समाचार