बाराबंकी : प्रताड़ना से तंग विवाहिता ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, जानें क्या पूरा मामला
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। शुक्रवार सुबह एक विवाहिता का शव रेल पटरी पर पड़ा मिला। मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज को लेकर प्रताड़ना के बाद गुरुवार रात मारपीट कर उसे भगा दिया गया। आशंका है कि कलह से ऊबकर विवाहिता ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। पुलिस को दी गई तहरीर में ससुरालियों पर आरोप लगाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम थाल कला निवासी राहुल चौहान की 24 वर्षीय पत्नी रेनू का शव शुक्रवार सुबह ससुराल से तीन किमी दूर साधारणपुर गांव के पास रेल पटरी किनारे क्षत विक्षत दशा में मिला। मृतका के पति राहुल ने ससुराल में घटना की सूचना दी तो विवाहिता के मायके पक्ष से खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
मृतका के भाई नीरज का आरोप है कि उसकी बहन रेनू को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि एक दिन पहले उसके साथ मारपीट की गई थी। परिजनों द्वारा समझाने के बावजूद स्थिति नहीं सुधरी और गुरुवार रात में फिर मारपीट की गई और रात में ही उसे घर से निकाल दिया गया। जिसके बाद उसका शव रेल पटरी पर पड़ा मिला।
मायके पक्ष ने घटना के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार बताते हुए थाने में तहरीर दी। कोतवाल अरुण प्रताप सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।
