Bareilly:शिक्षिका की मौत के बाद जागा नगर निगम, 15 कुत्ते पकड़े
बरेली, अमृत विचार। कर्मचारी नगर इलाके में आवारा कुत्तों के दौड़ाने पर बाइक से गिरकर रिटायर्ड शिक्षिकाकी मौत के बाद नगर निगम ने आवारा कुत्तों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया। टीम ने 15 कुत्ते पकड़ लिए। हालांकि इस दौरान टीम को पशु प्रेमियों के विरोध का सामना करना पड़ा।
बुधवार सुबह 65 वर्षीय मंजू सक्सेना बेटे के साथ अपने दामाद के घर बाइक से जा रही थीं। आवारा कुत्ते उन पर दौड़ पड़े। कुत्तों से डरकर मंजू सक्सेना संतुलन खो बैठीं और सड़क पर गिरकर उनकी मौत हो गई। इस घटना को अमृत विचार में प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद नगर निगम प्रशासन सक्रिय हुआ। नगर आयुक्त संजीव मौर्य के निर्देश पर कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया।
कर्मचारी नगर में लोगों और पशु प्रेमियों ने कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। बहस और नोकझोंक की स्थिति बन गई। कुछ लोगों ने कुत्तों को अपने घरों में छिपा लिया। हालांकि निगम अधिकारियों के समझाने पर लोग शांत हुए, लेकिन विरोध पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ। विरोध के बीच भी निगम टीम ने 15 कुत्तों को पकड़ लिया। कर्मचारी नगर की घटना ने एक बार फिर शहर में आवारा कुत्तों की समस्या को गंभीर मुद्दा बना दिया है। शहर के कई मोहल्लो और कॉलोनियों में कुत्तों के झुंड लोगों को निकलने नहीं देते।
