होटल-रेस्टॉरेंट का खाना अब 15% तक होगा महंगा, कमर्शियल LPG सिलेंडर पर आम आदमियों को लगेगा तगड़ा झटका

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ/ नई दिल्ली: होटल और रेस्टोरेंट उद्योग पर एक के बाद एक मुसीबतें आ रही हैं। मिडिल-ईस्ट में तनाव के कारण सप्लाई बाधित होने के बाद अब कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी ने इस क्षेत्र को और परेशान कर दिया है। 1 मई 2026 से कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। इसके साथ 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर का दाम बढ़कर 3,071.50 रुपये हो गया है। 

तीन महीने में हुई भारी बढ़ोतरी  

मार्च में 144 रुपये, अप्रैल में 195.50 रुपये और मई में 993 रुपये की बढ़ोतरी के साथ कुल 1,332.50 रुपये प्रति सिलेंडर महंगा हो चुका है।

उद्योग की चिंता  

फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशंस ऑफ इंडिया (FHRASI) के उपाध्यक्ष प्रदीप शेट्टी ने चेतावनी दी कि इस बढ़ोतरी के कारण होटल और रेस्टॉरेंट में परोसे जाने वाले खाने की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी लगभग तय है। उन्होंने कहा कि इतनी बढ़ोतरी भी लागत की पूरी भरपाई नहीं कर पाएगी।

शेट्टी ने बताया कि कई होटल-रेस्टॉरेंट पहले से ही सीमित मेन्यू, कम समय और वैकल्पिक ईंधन के सहारे चल रहे थे। नई कीमत बढ़ोतरी के बाद उनका मुनाफा और कम हो जाएगा, जिससे कई जगहों पर अस्थायी बंदी, मेन्यू में कटौती और नौकरियों में छंटनी का खतरा बढ़ गया है।

उद्योग संगठनों ने केंद्र सरकार से तुरंत हस्तक्षेप करने और कमर्शियल LPG की कीमतों में हुई हालिया बढ़ोतरी को वापस लेने की अपील की है।

संबंधित समाचार