रामनगरी में भीषण गर्मी के चलते ओआरएस घोल वितरण का अभियान, श्रद्धालुओं को महापौर ने बाटे पैकेट
अयोध्या, अमृत विचार। रामनगरी आने वाले श्रद्धालुओं को गर्मी के चलते होने वाले निर्जलीकरण व डायरिया जैसी बीमारी का सामना न करना पड़े, इसके लिए नगर निगम ने ओआरएस घोल वितरण का अभियान शुरू किया है। लता चौक पर शनिवार को आयोजित शिविर में श्रद्धालुओं को ओआरएस पैकेट एवं घोल का वितरण कर महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने अभियान की शुरुआत की है।
स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से शुरू किए गए शिविर में महापौर ने कहा कि नगर निगम न केवल सफाई और पेयजल व्यवस्था के लिए कटिबंध है, बल्कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की चिंता भी उसकी प्राथमिकता है। अभियान पूरे माह जारी रहेगा। पार्षद अनुज दास, रीशू पांडेय, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल, मुख्य सफाई निरीक्षक राजेश झा, भाजपा नेता आलोक द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
