UP Weather Update: आसमान से बरसी आग, 43 डिग्री पहुंचा पारा... रविवार को भी राहत की उम्मीद नहीं

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : गर्मी के तेवर लगातार तल्ख होते जा रहे हैं, शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री पर पहु़ंच गया। सुबह 9 बजे ही तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। 11 बजे तक तो बाहर निकलना मुश्किल लगने लगा। 12 बजे 10 और 2 बजे पारा 42 डिग्री पर पहुंच गया। शाम चार बजे के बाद फिर पारे में गिरावट शुरू हुई, लेकिन रात 10 बजे तक तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस बना रहा और रात 1 बजे 29 डिग्री दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर में सन्नाटे की स्थिति रही।

मौसम विभाग के मुताबिक अभी दो दिन गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। रविवार और सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री पहुंच सकता है। इसके बाद बादल छाने और तापमान में मामूली गिरावट की संभावना है। शनिवार को तेज धूप और गर्म हवा के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही धूप से बचाव के इंतजाम के साथ घर व दफ्तरों के लिए निकले। पैदल और दो पहिया वाहन सवारों को तेज धूप का सामना करना पड़ा। किसी ने धूप से बचने के लिए पेड़ की छांव तो किसी ने अन्य सहारा लिया। पानी और पेय पदार्थ से गला तर किया। बच्चे, बूढ़े व महिलाएं घरों पर ही कैद रहीं। फिर भी बढ़ते तापमान के कारण गर्मी से राहत नहीं मिली।

संबंधित समाचार