लखनऊ : महिला साथी के साथ प्रापर्टी डीलर गिरफ्तार, शख्स का अपहरण कर जमीन हड़पने का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस ने एक व्यक्ति का अपहरण करने, उसे नशीला पदार्थ पिलाने और ब्लैकमेल कर जमीन हड़पने की कोशिश करने के आरोप में शनिवार को एक 'प्रापर्टी डीलर' और उसकी महिला साथी को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि आरोपियों ने पीड़ित का अश्लील वीडियो बनाकर उसके परिवार को धमकाया। पुलिस ने एक बयान में कहा कि गोसाईंगंज थानाक्षेत्र के मोहरीकला की रीता सैनी की शिकायत पर शुक्रवार को सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मामला दर्ज किया गया था।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सुनील शुक्ला और उसके साथियों ने उनके पति हरिओम शिव वनमाली का अपहरण किया, उन्हें नशीला पदार्थ पिलाया और आपत्तिजनक हालत में वीडियो-फोटो बनाकर परिवार को धमकाया, ताकि उनकी जमीन पर जबरन कब्जा किया जा सके। पुलिस ने कहा कि शिकायत के आधार पर 35 वर्षीय सुनील शुक्ला और उसकी महिला साथी आकांक्षा पांडे (30) को सुशांत गोल्फ सिटी के सरयू अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया तथा वारदात में इस्तेमाल काली एसयूवी भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस ने कहा कि राजू और नरेंद्र कुमार समेत अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे पीड़ित की जमीन खरीदना चाहते थे, लेकिन उसकी पत्नी के इनकार करने के बाद साजिश रची।

आरोपियों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उन्होंने 28 अप्रैल को पीड़ित को बहला-फुसलाकर गेस्ट हाउस बुलाया, नशीली शराब पिलाई और आपत्तिजनक वीडियो बनाया, ताकि ब्लैकमेल किया जा सके। पुलिस ने बताया कि सुनील शुक्ला के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसने कहा कि आकांक्षा पांडे का नाम भी इस मामले में सामने आया है तथा मामले की जांच जारी है। 

संबंधित समाचार